भारत में इलेक्ट्रिक कारों की बढ़ती मांग के बीच JSW MG मोटर इंडिया ने अपने ग्राहकों के लिए बड़ा ऑफर पेश किया है. कंपनी ने घोषणा की है कि MG Windsor EV और MG ZS EV खरीदने वाले ग्राहकों को 1 साल तक फ्री पब्लिक चार्जिंग की सुविधा मिलेगी. इसके अलावा कंपनी दोनों इलेक्ट्रिक SUVs पर कई फायदे भी दे रही है. हालांकि यह ऑफर सिर्फ 20 मई तक ही उपलब्ध रहेगा.
Windsor EV पर ग्राहकों को ₹35,000 तक का लाभ मिलेगा. इस इलेक्ट्रिक कार में कंपनी ने 100 kW की इलेक्ट्रिक मोटर दी है, जो 136 PS की पावर और 200 Nm का टॉर्क जनरेट करती है. यह कार दो बैटरी पैक विकल्पों के साथ आती है. पहला 38 kWh बैटरी पैक है, जिसमें कंपनी 332 किलोमीटर की रेंज का दावा करती है. वहीं दूसरा बड़ा 52.9 kWh बैटरी पैक Pro वेरिएंट में मिलता है, जिसकी दावा की गई रेंज 449 किलोमीटर है.
डेली यूज के लिए प्रैक्टिकल कार
कंपनी का कहना है कि दो अलग-अलग बैटरी विकल्प ग्राहकों को अपनी जरूरत के हिसाब से कार चुनने की सुविधा देते हैं. शहर में रोजाना इस्तेमाल करने वालों के लिए छोटा बैटरी पैक बेहतर हो सकता है, जबकि लंबी दूरी और हाईवे ड्राइव करने वालों के लिए बड़ा बैटरी पैक ज्यादा प्रैक्टिकल माना जा रहा है. बड़ी बैटरी ज्यादा रेंज देने के साथ लंबी यात्रा के दौरान चिंता भी कम करती है.
BaaS मॉडल से कम होगी शुरुआती कीमत
MG Windsor EV को कंपनी बैटरी-एज-ए-सर्विस यानी BaaS मॉडल के साथ भी बेच रही है. इस मॉडल में कार की शुरुआती कीमत सिर्फ ₹9.99 लाख रखी गई है. हालांकि इसके साथ ग्राहकों को बैटरी इस्तेमाल के लिए ₹3.9 प्रति किलोमीटर का एक्स्ट्रा चार्ज देना होगा. कंपनी का मकसद इलेक्ट्रिक कार खरीदना ज्यादा आसान और सस्ता बनाना है ताकि ज्यादा लोग EV की ओर अट्रैक्ट हों सकें.
ग्राहकों को मिलेंगे कई बड़े फायदे
MG Windsor EV खरीदने वालों को कंपनी कई फायदे भी दे रही है. इनमें पहले मालिक के लिए लाइफटाइम बैटरी वारंटी शामिल है. इसके अलावा कंपनी 3-60 Assured Buyback प्लान भी दे रही है. इन सुविधाओं का मकसद ग्राहकों की बैटरी लाइफ और रीसेल वैल्यू से जुड़ी चिंताओं को कम करना है. हालांकि कंपनी ने लाइफटाइम बैटरी वारंटी की सभी शर्तों की पूरी जानकारी अभी शेयर नहीं की है. जो ग्राहक BaaS मॉडल नहीं लेना चाहते, उनके लिए Windsor EV की एक्स-शोरूम कीमत ₹14 लाख से शुरू होती है. वहीं 52.9 kWh बैटरी वाले बड़े वेरिएंट की शुरुआती कीमत ₹18.50 लाख रखी गई है.
MG ZS EV पर ₹2.15 लाख तक का फायदा
MG ZS EV पर कंपनी ₹2.15 लाख तक के फायदे दे रही है. इसकी कीमत ₹17.99 लाख से शुरू होकर ₹20.50 लाख तक जाती है. यह सभी कीमतें एक्स-शोरूम हैं. इस इलेक्ट्रिक SUV में 50.3 kWh का बैटरी पैक मिलता है, जिसकी रेंज 461 किलोमीटर है. कंपनी के मुताबिक, यह कार सिर्फ 60 मिनट में 0 से 80 प्रतिशत तक चार्ज हो सकती है. भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती लोकप्रियता के बीच MG का यह ऑफर ग्राहकों को अट्रैक्ट करने की बड़ी कोशिश माना जा रहा है. खासतौर पर फ्री चार्जिंग और बैटरी वारंटी जैसे फायदे नए EV खरीदारों के लिए काफी मददगार साबित हो सकते हैं.

