नई दिल्ली, 11 मई: RCB तो मुंबई इंडियंस के खिलाफ जीत गई. मगर उस मुकाबले के दौरान एक नियम उल्लंघन को लेकर नपने से उसके हेड कोच खुद को नहीं बचा सके. RCB के हेड कोच एंडी फ्लॉवर पर सजा के तौर पर जुर्माना लगाया गया है. उनके मैच फीस में 15 फीसदी की कटौती की गई है. IPL 2026 में ये अपने तरीके का पहला मामला है. अब तक इस सीजन सिर्फ खिलाड़ियों या टीम के कप्तानों पर ही जुर्माना लगाया गया था. किसी टीम के हेड कोच पर लगा ये पहला जुर्माना है.
एंडी फ्लॉवर पर क्यों लगा जुर्माना?
अब सवाल है कि एंडी फ्लॉवर पर जुर्माना लगा क्यों? उनके मैच फीस में 15 प्रतिशत की कटौती क्यों की गई? इस सवाल का जवाब अंपायर से उनकी बहस को लेकर जुड़ा है. एंडी फ्लॉवर ने मैच में RCB की इनिंग के 18वें ओवर के दौरान चौथे अंपायर के साथ तीखी बहस कर ली थी. उसी का नतीजा है कि उन पर जुर्माना लगा है.
IPL की ओर से जारी बयान में बताया गया कि एंडी फ्लॉवर ने अपनी गलती मान ली है. उन्हें IPL के कोड ऑफ कंडक्ट की धारा 2.3 के तहत दोषी पाया गया था.
एंडी फ्लॉवर की कोचिंग में RCB का दमदार खेल
एंडी फ्लॉवर की कोचिंग में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने IPL 2026 में धमाकेदार प्रदर्शन किया है. टीम पॉइंट्स टेबल में टॉप पर है. उसने अब तक खेले 11 मुकाबलों में 7 मैच जीते हैं और उसके 14 पॉइंट हैं. RCB का 1.103 का नेट रन रेट भी IPL 2026 में किसी भी टीम की तुलना में सबसे बेहतर है. ऐसे में इस टीम का प्लेऑफ में पहुंचना तो तय लग रहा है. प्लेऑफ में पहुंचने का मतलब होगा कि लगातार दूसरी बार IPL खिताब जीतने के एक कदम और करीब पहुंचना.
जुर्माना झेलने वाले फ्लॉवर पहले हेड कोच
IPL 2026 में फाइन झेलने वाले एंडी फ्लॉवर पहले हेड कोच हैं. अब तक जुर्माना किसी ना किसी वजह से सिर्फ खिलाड़ियों या कप्तानों पर ही लगे हैं. जिन कप्तानों पर अब तक जुर्माना लग चुका है उनमें ऋतुराज गायकवाड़, श्रेयस अय्यर, शुभमन गिल जैसे नाम हैं.

