रायपुर में पुरानी रंजिश पर जानलेवा हमला, चाकू मारने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार – vedantsamachar.in

रायपुर में पुरानी रंजिश पर जानलेवा हमला, चाकू मारने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर, 10 मई (वेदांत समाचार)। राजधानी रायपुर में पुरानी रंजिश के चलते युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है, जहां आरोपियों ने रमीजुद्दीन नामक युवक पर चाकू और हाथ-मुक्कों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे, जिन्हें पुलिस ने उड़ीसा, महाराष्ट्र समेत अन्य स्थानों पर लगातार दबिश देकर गिरफ्तार किया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 8 मई 2026 को राजातालाब निवासी जियाउद्दीन ने थाना सिविल लाइन पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके पड़ोस में रहने वाला फजल खान अपने साथियों के साथ पुरानी दुश्मनी के चलते उसके भाई रमीजुद्दीन की हत्या करने की नीयत से हमला किया। आरोपियों ने चाकू से वार करने के साथ ही मारपीट भी की, जिससे रमीजुद्दीन के शरीर पर कई गंभीर चोटें आईं।

प्रार्थी की शिकायत पर थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 260/2026 के तहत धारा 109 और 191(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में एसीसीयू, थाना सिविल लाइन और तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने प्रार्थी और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर आरोपियों की तलाश शुरू की। इस दौरान पुलिस ने उड़ीसा, महाराष्ट्र सहित कई स्थानों पर लगातार रेड कार्रवाई की। आखिरकार पुलिस ने आरोपी मोहम्मद फजल खान, मोहम्मद सरताज शरीफ, फैजान हुसैन और अब्दुल कलाम उर्फ राजा को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में सभी आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद फजल खान उर्फ मुजीब, मोहम्मद सरताज शरीफ उर्फ ताज, फैजान हुसैन और अब्दुल कलाम उर्फ राजा शामिल हैं। सभी आरोपी रायपुर शहर के विभिन्न इलाकों के निवासी बताए जा रहे हैं।