नई दिल्ली, 10 मई : लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए आईपीएल 2026 के प्लेऑफ में पहुंचना भले ही लगभग असंभव नजर आ रहा हो लेकिन जाने से पहले टीम के खिलाड़ी कुछ धमाका करने में लगे हुए हैं. इसमें ही एक नाम है जॉश इंग्लिस, जो आधे सीजन तक बाहर रहे लेकिन आते ही उन्होंने तहलका मचा दिया. लखनऊ के लिए ओपनिंग करते हुए इंग्लिस ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ सिर्फ 17 गेंदों में अर्धशतक ठोक दिया और टीम को तूफानी शुरुआत दिलाई. इसके साथ ही लखनऊ ने 3 साल बाद फिर से चेन्नई की धुनाई करते हुए सबसे तेज 50 रन पूरे किए.
चेपॉक स्टेडियम में 10 मई को खेले गए मुकाबले में लखनऊ ने पहले बैटिंग की. इस मैच में जॉश इंग्लिस की वापसी हुई. इस सीजन के शुरुआती 8 मैच में बाहर रहने वाले इंग्लिस ने 9वें मैच से वापसी की थी लेकिन उसी मैच में चोट के कारण वो अगला मैच नहीं खेल पाए थे. चोट से उबरते ही उनकी चेन्नई के खिलाफ वापसी हुई और उन्होंने आते ही चेन्नई के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दीं.
शतक से चूके, मगर मचाया तहलका
ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज इंग्लिस ने पावरप्ले के अंदर चेन्नई के गेंदबाजों को मैदान के हर हिस्से में बाउंड्री के पार पहुंचाया. खास तौर पर उन्होंने रिवर्स स्कूप शॉट का काफी इस्तेमाल किया और चौके-छक्के ही बटोरे. देखते ही देखते इंग्लिस ने सिर्फ 17 गेंदों के अंदर अर्धशतक पूरा कर दिया. इन 17 गेंदों के अंदर ही इंग्लिस ने 6 चौके और 4 छक्के उड़ाए. यानि उनके अर्धशतक में से 48 रन सिर्फ बाउंड्री से ही आ गए थे.
इंग्लिस की पारी कितनी विस्फोटक थी, उसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि मिचेल मार्श के साथ उनकी 77 रन की साझेदारी हुई, जिसमें से 66 रन अकेले इंग्लिस के ही थे. हालांकि वो अपना शतक पूरा नहीं कर सके और सिर्फ 33 गेंदों में 85 रन कूटकर आउट हुए. अपनी पारी में इंग्लिस ने 10 चौके और 6 छक्के जमाए.
CSK को 3 साल बाद फिर लगाई मार
इंग्लिस के इस धमाकेदार आगाज का असर ये था कि टीम ने सिर्फ 3.4 ओवर में ही अपने 50 रन पूरे कर लिए थे. इस तरह लखनऊ ने अपने सबसे तेज 50 रन के रिकॉर्ड की बराबरी की. संयोग से टीम का पिछला रिकॉर्ड भी 3 साल पहले 2023 में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ ही बना था. उस मैच में भी 3.4 ओवर में ही टीम ने 50 रन पूरे किए थे.

