मां ने हौज का ढक्कन हटाया,मासूम खेलते खेलते हैज में गिरी, आधे घंटे बाद मिला शव….

इंदौर 27 दिसम्बर(वेदांत समाचार)। इंदौर के गुरूशंकर नगर में रहने वाले भैरूलाल मालवीय की 6 साल की बेटी चांदनी हादसे का शिकार हो गई। घटना रविवार शाम 8 बजे की है। हादसे के समय पिता छत पर पानी की टंकी देखने गए थे और मां ने पानी भरने के लिए हौज का ढक्कन हटाकर अपने काम में लग गईं थीं। इस दौरान मासूम चांदनी खेलते-खेलते हौज में कब गिर गई, किसी को पता ही नहीं चला। मासूम के नहीं दिखने पर उसकी तलाश शुरू की गई। आधा घंटे बाद जब हौज में देखा गया तो वह उस में पड़ी हुई थी।

द्वारकापुरी पुलिस के मुताबिक घटना शाम करीब साढे आठ बजे के लगभग की है। इलाके में रहने वाली 6 साल की चांदनी पुत्री भेरूलाल मालवीय की घर में बनी हौज में डूबने से मौत हो गई। चांदनी के पिता नल आने पर छत पर टंकी देखने गए थे। इस दौरान वह नीचे कमरे में 2 साल के भाई विराज के साथ खेल रही थी। इसी दौरान बाहर पहुंची और खुली हौज में जा गिरी। हादसे के समय मां किरण अंदर काम से गई थी।

आंखों के सामने ओझल हो गई बेटी
मां किरण ने बताया कि नल आने पर उन्होंने हौज का ढक्कन खोला था। वह प्लास्टिक की केन लेकर अंदर गई थी। विराज और चांदनी इस दौरान बाहर थे। बेटी चंद मिनट में गायब हो गई। उन्हें लगा आसपास खेल रही होगी या पिता भेरू के पास छत पर होगी। काफी देर तक बच्ची नहीं मिली तो आसपास देखना शुरू किया। करीब आधे घंटे बाद टार्च जलाकर हौज में देखा तो बेटी अंदर पड़ी थी। बाद में उसे नजदीक के अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

दो माह पहले रहने आया था परिवार
परिवार के लोगों ने बताया कि वह मूल रूप से शाजापुर के रहने वाले है। दो माह पहले काम की तलाश में इंदौर आए थे। यहां से जैन साहब के मकान में किराए से रहने लगे थे। चांदनी के पिता भेरू मिस्त्री का काम करते है। फिलहाल चांदनी के शव को एमवाय पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।