नई दिल्ली, 08 मई : आईपीएल 2026 सीजन खत्म होते ही जब इंटरनेशनल क्रिकेट की वापसी होगी तो टीम इंडिया में बड़ा बदलाव दिख सकता है. भारतीय टीम को कुछ ही हफ्तों पहले टी20 वर्ल्ड चैंपियन बनाने वाले कप्तान सूर्यकुमार यादव की छुट्टी हो सकती है. लगातार खराब फॉर्म से जूझ रहे सूर्यकुमार को टी20 टीम की कप्तानी से हटाने की तैयारी चल रही है. एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि सेलेक्शन कमेटी मौजूदा भारतीय कप्तान के प्रदर्शन को लेकर चिंतित हैं और ऐसे में उनसे ये जिम्मेदारी वापस ली जा सकती है. वहीं स्टार बल्लेबाज श्रेयस अय्यर को नया कप्तान बनाए जाने की संभावनाएं बेहद मजबूत हैं.
टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट में खुलासा किया गया है कि अजीत अगरकर की अध्यक्षता वाली सीनियर मेंस सेलेक्शन कमेटी टीम इंडिया की अगली सीरीज के चयन के दौरान कप्तानी में बदलाव का भी ऐलान कर सकती है. टीम इंडिया की अगली टी20 सीरीज आयरलैंड के खिलाफ है, जिसके लिए भारतीय टीम इस देश के दौरे पर जाएगी. ये सीरीज जून के आखिरी हफ्ते में खेली जाएगी और इसी सीरीज के साथ सूर्यकुमार यादव की कप्तानी से छुट्टी हो सकती है.
अय्यर टीम में लौटते ही बनेंगे कप्तान!
रिपोर्ट में बताया गया है कि चयनकर्ता मौजूदा कप्तान सूर्यकुमार यादव के बल्लेबाजी में प्रदर्शन से काफी निराश हैं. ऐसे में 2028 में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप और ओलंपिक खेलों में टीम की दावेदारी को मजबूती से पेश करने और नई ऊर्जा भरने के लिए कप्तानी में बदलाव की तैयारी चल रही है. इसके लिए स्टार बल्लेबाज श्रेयस अय्यर की न सिर्फ टी20 टीम में वापसी हो सकती है बल्कि उन्हें ही कप्तान बनाए जाने की प्रबल संभावना है.
IPL में पहले दिल्ली कैपिटल्स, कोलकाता नाइट राइडर्स और अब पंजाब किंग्स के कप्तान के रूप में अय्यर ने काफी प्रभावित किया है. साथ ही इस दौरान उन्होंने अपनी विस्फोटक बैटिंग से भी टीम में वापसी के लिए दावेदारी मजबूती से पेश की है. अय्यर 2023 के बाद से भारतीय टी20 टीम से बाहर चल रहे हैं. इसके बाद से उनकी कप्तानी में KKR ने IPL का खिताब जीता, जबकि पंजाब को उन्होंने फाइनल में पहुंचाया था.
कप्तानी में टॉप, बैटिंग में फ्लॉप
सूर्यकुमार यादव को टी20 वर्ल्ड कप 2024 में भारत की खिताबी जीत के बाद कप्तान बनाया गया था क्योंकि तब के कप्तान रोहित शर्मा ने इस फॉर्मेट से संन्यास ले लिया था. इसके बाद से ही सूर्या की कप्तानी में टीम इंडिया ने लगातार अच्छा प्रदर्शन किया और टी20 वर्ल्ड कप के खिताब का बचाव किया. इस दौरान सूर्या का बतौर कप्तान जीत का रिकॉर्ड 76.92 फीसदी है, जो सभी भारतीय कप्तानों में बेस्ट है.
मगर दूसरा पहलू ये है कि कप्तान बनने के बाद से ही उनकी बैटिंग लगातार बिगड़ी है. जुलाई 2024 में फुल टाइम कैप्टन बनने के बाद से सूर्या ने 42 पारियों में सिर्फ 932 रन बनाए हैं, जिसमें 6 अर्धशतक ही शामिल हैं. इस दौरान 4 बार वो खाता खोलने में नाकाम रहे. उनका औसत सिर्फ 25.88 है, जबकि स्ट्राइक रेट भी सिर्फ 152 का है. इसमें भी 2025 सीजन में तो वो पूरे साल कोई अर्धशतक नहीं लगा सके थे और 13 की औसत से सिर्फ 218 रन बना पाए थे.

