जांजगीर-चांपा, 08 मई 2026। जिले में जल जीवन मिशन के कार्यों की जमीनी स्थिति जानने के लिए कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने शुक्रवार को बलौदा विकासखंड के जूनाडीह और बुड़गहन गांव का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति, पाइपलाइन नेटवर्क, नल कनेक्शन और जल वितरण व्यवस्था का जायजा लिया। कलेक्टर ने गांवों में घर-घर पहुंचकर ग्रामीणों से सीधे चर्चा की और पेयजल उपलब्धता की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जल जीवन मिशन शासन की अत्यंत महत्वपूर्ण योजना है और इसका लाभ हर घर तक समय पर तथा गुणवत्तापूर्ण तरीके से पहुंचना चाहिए। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर यह जाना कि उन्हें नियमित रूप से पानी मिल रहा है या नहीं, नल कनेक्शन की स्थिति क्या है और जल आपूर्ति में किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं हो रही है।

बुड़गहन गांव में ग्रामीणों ने कलेक्टर को बताया कि गांव के मुख्य मार्ग के नीचे से गुजर रही पीवीसी पाइपलाइन भारी वाहनों की लगातार आवाजाही के कारण बार-बार क्षतिग्रस्त हो जाती है। पाइपलाइन टूटने से पेयजल आपूर्ति प्रभावित होती है और गांव के लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने मौके पर मौजूद लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता को तत्काल स्थल निरीक्षण कर स्थायी समाधान तैयार करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि ऐसी व्यवस्था बनाई जाए जिससे पाइपलाइन बार-बार क्षतिग्रस्त न हो और ग्रामीणों को निर्बाध पेयजल आपूर्ति मिल सके। उन्होंने शीघ्र कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए। साथ ही कहा कि जल जीवन मिशन से जुड़े कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और जहां भी समस्या सामने आए, उसका प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ग्रामीण हितग्राही श्रीमती सुकृता, श्री सत्यनारायण सहित अन्य ग्रामीणों के घर पहुंचकर पानी की उपलब्धता और नल कनेक्शन की स्थिति देखी। ग्रामीणों ने नियमित जल आपूर्ति और पेयजल सुविधाओं से संबंधित जानकारी साझा की। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी ग्रामीण को पेयजल संकट का सामना न करना पड़े और हर घर तक स्वच्छ एवं नियमित पानी उपलब्ध कराया जाए।
जल जीवन मिशन के तहत जिले में चल रहे कार्यों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर के इस निरीक्षण को ग्रामीणों ने सकारात्मक पहल बताया। प्रशासन का कहना है कि गांवों में पेयजल व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए लगातार निगरानी और सुधार कार्य जारी रहेंगे।

