पेंड्रा जिले को मिला नया कलेक्टर, डॉ. संतोष प्रसाद देवांगन ने संभाला कार्यभार – vedantsamachar.in

पेंड्रा जिले को मिला नया कलेक्टर, डॉ. संतोष प्रसाद देवांगन ने संभाला कार्यभार

पेंड्रा, 08 मई (वेदांत समाचार)। जिले में प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण बदलाव के तहत नव पदस्थ कलेक्टर डॉ. संतोष प्रसाद देवांगन ने शुक्रवार को अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। कलेक्टर कार्यालय पहुंचने पर तत्कालीन कलेक्टर श्रीमती लीना कमलेश मंडावी ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया तथा नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

कार्यभार ग्रहण के दौरान जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति रही। पुलिस अधीक्षक मनोज खिलारी एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे ने भी नव पदस्थ कलेक्टर डॉ. देवांगन का स्वागत करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी।

इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर सुश्री आकांक्षा पांडे, डिप्टी कलेक्टर सुश्री निकिता मरकाम, जिला कोषालय अधिकारी धनेंद्र सोनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने कलेक्टर डॉ. संतोष प्रसाद देवांगन को शुभकामनाएं देते हुए उनके नेतृत्व में जिले के विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई।

नव पदस्थ कलेक्टर डॉ. देवांगन के कार्यभार संभालने के बाद प्रशासनिक गतिविधियों में तेजी आने की संभावना व्यक्त की जा रही है। जिले में विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण तथा शासन की प्राथमिकताओं को धरातल पर उतारने की दिशा में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

कलेक्टर कार्यालय में आयोजित स्वागत कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी नव पदस्थ कलेक्टर का अभिनंदन किया। प्रशासनिक हलकों में डॉ. संतोष प्रसाद देवांगन की नियुक्ति को लेकर सकारात्मक माहौल देखा जा रहा है।