कोरबा : अधेड़ चरवाहे के अंधे कत्ल की पुलिस ने सुलझाई गुत्थी, थोड़े देर में करेगी खुलासा

कोरबा। रजगामार चौकी क्षेत्रांतर्गत वन्य ग्राम चाकामार निवासी अधेड़ चरवाहे के अंधे कत्ल को सुलझाने के करीब युद्ध स्तर पर विवेचना के बाद पुलिस पहुंच चुकी है। इस मामले में आज मध्यान्ह, अपरान्ह या देर शाम तक खुलासा किये जाने की खबर पुलिस सूत्रों से छनकर आ रही है। मिली जानकारी के अनुसार ग्राम चाकामार पुलिस चौकी रजगामार थाना बालकोनगर निवासी निवासी चरवाहा छेदीलाल यादव उम्र 50 पिता शिवचरण यादव विगत 6 दिसंबर को अपने मवेशियों को चराने के बाद घर लौटा था। शाम को 6 बजे के लगभग वह घर से निकला जिसके बाद वापस लौटकर नहीं आया। उस दिन देर रात तक उसकी खोजबीन परिजनों द्वारा की गई लेकिन नहीं मिला। अगले दिन गांव के खार में उसकी रक्त से सनी हुई लाश मिली थी। प्रथम दृष्टया उसी दिन उसके परिजनों ने हत्या किये जाने का संदेह प्रकट किया था।

गौरतलब है कि लाश की स्थिति एवं उसके परिजनों द्वारा की जा रही शंका-कुशंका को देखते हुए रजगामार चौकी पुलिस ने इस मामले में मर्ग मुस्तबा कायम कर मृतक के शव को पीएम के लिए चीरघर भिजवा दिया था। मृतक के शव का पीएम करने वाले चिकित्सक ने अपनी रिपोर्ट में मृतक की मौत किसी भोथरे हथियार से चोट लगने के कारण होने का उल्लेख किया था। इस आधार पर रजगामार चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर विवेचना शुरू कर दिया था। जिसका आज देर शाम तक पुलिस खुलासा कर सकती है।