लोहरा नाका चौक में लहराया 108 फ़ीट का भगवा झंडा…

कवर्धा 10 दिसम्बर (वेदांत समाचार)। झंडा विवाद के बाद शहर की सौहाद्रता को बरक़रार रखने के लिए कवर्धा विधायक व कैबिनेट मंत्री मो. अकबर ने जिस स्थान पर यह विवाद हुआ था, उसी स्थान पर करीब 108 फ़ीट का भगवा झंडा लगाने के लिए शंकराचार्य जनकल्याण न्यास की मांग पर लगभग 600 वर्गफुट की जगह प्रदान की थी। उसी जगह पर आज शुक्रवार को ससम्मान भगवा झंडा फहराया गया।

इससे पहले शहर में भगवा ध्वज लिए करीब 2 किमी लंबी शोभा यात्रा निकाली। शोभा यात्रा में महिलाएं सिर पर कलश लेकर शामिल हुईं। इस दौरान पूरा इलाका जय जय श्रीराम के नारों से गूंज उठा। दंडी स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती शोभायात्रा की अगुवाई कर रहे थे। इस यात्रा में हजारों की संख्या में हिंदू धर्मावलंबी शामिल हुए।

शोभा यात्रा राजमहल चौक होते हुए वीर स्तंभ चौक और वहां से लोहारा नाका चौक पहुंची। वहां से यात्रा कर्मा चौक पहुंची और वहां पहला झंडा फहराया गया। प्रशासन की ओर से तय जगह परशुराम चौक पर विधिवत मंत्रोच्चार के साथ 108 फीट ऊंचे खंभे पर धर्म ध्वजा लहराई गई। इसके बाद साधु-संत और सभी लोग पीजी कॉलेज मैदान में होने वाली धर्म सभा के लिए निकल गए। इसमें आचार्य, सहित 13 अखाड़ों के महा मंडलेश्वर व महंत भी पहुंचे हुए हैं।