केंद्र सरकार ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों तक पंहुचाई 140 करोड़ वैक्सीन की डोज

नई दिल्ली । राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को 140 करोड़ से अधिक कोरोना वायरस वैक्सीन की डोज उपलब्ध करवाई गई है। यह जानकारी स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने शुक्रवार को दी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने आगे बताया कि सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में अभी 18.80 करोड़ (18करोड़ 80लाख 33हजार 7सौ 6) से ज्यादा वैक्सीन की अतिरिक्त डोज मौजूद हैं।

मंत्रालय ने प्रैस को जानकारी देते हुए बताया कि भारत सरकार की ओर से अभी तक सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में डायरेक्ट स्टेट प्रोक्योरमेंट कैटेगरी के माध्यम से 140 करोड़ (140करोड़ 4लाख 2सौ 30) से अधिक वैक्सीन की डोज मुफ्त में उपलब्ध करवाई गई हैं। केंद्र सरकार तेजी से सभी लोगों तक वैक्सीन पंहुचाने की कोशिश कर रही है।

आपको बता दें कि देशभर में 16 जनवरी 2021 को कोविड-19 वैक्सीनेशन अभियान शुरू किया गया था। 21 जून 2021 से देश में वैक्सीनेशन के दूसरे चरण की शुरुआत की गई थी। सभी राज्यों तक वैक्सीन की अधिक से अधिक डोज उपलब्ध करवाने के लिए सरकार ने वैक्सीनेशन अभियान को बेहतर योजना के माध्यम से व्यवस्थित किया है। देशभर में वैक्सीनेशन अभियान के तहत केंद्र सरकार सभी राज्यों को मुफ्त वैक्सीन की डोज उपलब्ध करवा रही है। वैक्सिनेशन अभियान के नए दौर में भारत सरकार सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को 75 प्रतिशत मुफ्त वैक्सीन उपलब्ध करवाएगी।

गौरतलब है कि ओमिक्रोन वैरिएंट को देखते हुए देश में वैक्सीनेशन अभियान को और तेज किया गया है। वहीं, अब सीरम इंस्टिट्यूट आफ इंडिया ने भी केंद्र सरकार से कोविशील्‍ड बूस्टर डोज को बनाने की अनुमति मांगी थी। सीरम ने बताया कि देश में कोविशील्‍ड वैक्‍सीन की डोज पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। वहीं, संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान भी वैक्सीनेशन के बूस्टर डोज को लेकर जानकारी दी गई थी। नए वैरिएंट ओमिक्रोन के खतरे को देखते हुए कई राज्यों ने भी केंद्र सरकार से भारत में बूस्‍टर डोज बनाने की अपील की है।