कोरबा, 07 मई 2026। कोरबा जिले में गुरुवार सुबह से जियो नेटवर्क की सेवाएं पूरी तरह चरमरा गईं, जिससे हजारों उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जिले के कई क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क गायब हो गया, जबकि जियो फाइबर और वाई-फाई सेवाएं भी बंद होने की शिकायतें सामने आई हैं।
अचानक नेटवर्क ठप होने से लोग कॉलिंग, इंटरनेट और ऑनलाइन भुगतान जैसी जरूरी सेवाओं का उपयोग नहीं कर पा रहे हैं। कई उपभोक्ताओं ने बताया कि मोबाइल में टावर दिखाई नहीं दे रहे हैं, जिसके कारण फोन कॉल तक नहीं लग पा रही। वहीं इंटरनेट सेवा बंद होने से व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित हुई हैं।
ऑनलाइन कार्य करने वाले कर्मचारी, विद्यार्थी और व्यापारी सबसे अधिक परेशान नजर आए। बैंकिंग और यूपीआई भुगतान प्रभावित होने से बाजारों में भी लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
जिले के विभिन्न हिस्सों से उपभोक्ताओं ने सोशल मीडिया पर नाराजगी जाहिर करते हुए जियो कंपनी के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया है। लोगों का कहना है कि बिना किसी पूर्व सूचना के सेवा बंद होने से आमजन परेशान हो रहे हैं।
हालांकि, समाचार लिखे जाने तक नेटवर्क बाधित होने के कारणों को लेकर जियो कंपनी की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। उपभोक्ता जल्द सेवा बहाल होने का इंतजार कर रहे हैं।
