सक्ती, 06 दिसंबर। थाना सक्ती पुलिस ने ट्रैक्टर–ट्रॉली चोरी के मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की गई ट्रॉली और अपराध में प्रयुक्त ट्रैक्टर इंजन को बरामद कर लिया है। पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई ने चोरी की वारदात का सफल खुलासा किया है।
प्रार्थी संतोष कुमार साहू, निवासी बगबुडवा, थाना सक्ती ने 05 दिसंबर 2025 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी लगभग 2 लाख रुपए मूल्य की ट्रैक्टर ट्रॉली को रात में अज्ञात चोर चोरी कर ले गए हैं। रिपोर्ट पर थाना सक्ती में धारा 303(2), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कोरबा जिले के राताखार क्षेत्र में एक युवक चोरी की ट्रॉली बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना पर पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश यादव तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) अंजली गुप्ता को अवगत कराया गया। दिशा-निर्देश प्राप्त होने पर टीम ने रात में ही राताखार में दबिश दी और संदिग्ध युवक को पकड़ा।
सख्ती से पूछताछ करने पर युवक ने अपना नाम ओम पाण्डेय (20 वर्ष), निवासी राताखार, कोरबा बताया और स्वीकार किया कि उसने अपने चार अन्य साथियों के साथ मिलकर बगबुडवा से ट्रैक्टर–ट्रॉली चोरी की है। उसने यह भी बताया कि चोरी में उनके स्वयं के सोनालिका ट्रैक्टर (इंजन क्रमांक से जुड़ा वाहन CG 12 BQ 8464) का उपयोग किया गया था।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की ट्रॉली और चोरी में प्रयुक्त सोनालिका ट्रैक्टर के इंजन को बरामद किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी ओम पाण्डेय को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। वहीं, उसके अन्य साथियों की तलाश जारी है।
कार्रवाई में शामिल अधिकारी एवं कर्मचारी:
निरीक्षक: लखन लाल पटेल
उप निरीक्षक: भूपेन्द्र चन्द्रा
प्रधान आरक्षक 298: शब्बीर मेमन
आरक्षक 119: जोगेश राठौर
थाना सक्ती का अन्य स्टाफ
सक्ति पुलिस की तत्परता और त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में बढ़ रहे चोरी के मामलों पर प्रभावी रोकथाम की उम्मीद बढ़ी है।



