रायगढ़,22 मार्च (वेदांत समाचार): रायगढ़ जिला के तमनार ब्लॉक के आमाघाट में अफीम की खेती पाई गई। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार भी किया गया। वहीं अब तमनार और घरघोड़ा ब्लॉक में ड्रोन अभियान शुरू किया गया है। जहां ड्रोन के माध्यम से सभी खेतों का निरीक्षण किया जा रहा है।
इस संयुक्त कार्रवाई में राजस्व विभाग, पुलिस विभाग और कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हैं। शनिवार से संदिग्ध क्षेत्रों की पहचान करते हुए ड्रोन के माध्यम से खेतों की बारीकी से निगरानी की जा रही है।
इस आधुनिक तकनीक के जरिए उन ऐसे क्षेत्रों की भी जांच किया जाना है, जहां पहुंचना काफी मुश्किल होता है। शनिवार को ड्रोन सर्वे के साथ-साथ राजस्व विभाग के पटवारियों और कृषि विभाग के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों ने संबंधित गांवों में मौके पर पहुंचकर खेतों तक जाकर निरीक्षण किया।
इस दौरान घरघोड़ा तहसील के बैहामुडा, भेंगारी, पाकादरहा, पानीखेत और तमनार ब्लाक के आमापाली, राबो, गढ़गांव एवं हराडीह में जांच-पड़ताल की गई। साथ ही ग्रामीणों को बताया गया कि अवैध मादक पदार्थों की खेती कानूनन अपराध है और इसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
SDM दुर्गा प्रसाद अधिकारी ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती पर पूरी तरह रोक लगाने के उद्देश्य से यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
आने वाले समय में भी ड्रोन सर्वे के साथ सघन जांच और निगरानी की कार्रवाई तेज की जाएगी। ताकि किसी भी स्थिति में इस तरह की अवैध गतिविधियों को पनपने का अवसर न मिले।
