Vedant Samachar

रेलवे-लाइन परियोजना के विरोध में ग्रामीणों का प्रदर्शन आंदोलन का नेतृत्व कर रहे शख्स गिरफ्तारी से बढ़ा आक्रोश, थाने के सामने धरने बैठे

Vedant Samachar
2 Min Read

रायगढ़ ,22 मार्च (वेदांत समाचार) : रायगढ़ जिले में एक कंपनी की रेलवे लाइन परियोजना के विरोध में ग्रामीणों का प्रदर्शन तेज हो गया है। ग्रामीण पिछले कुछ समय से उचित मुआवजे की मांग कर रहे थे। इसी बीच एक ग्रामीण की गिरफ्तारी के बाद आक्रोश बढ़ गया और लोगों ने कोतरा रोड थाने के सामने धरना शुरू कर दिया। जानकारी के अनुसार ग्राम गेजामुड़ा क्षेत्र में एक कंपनी की ओर से रेलवे लाइन बिछाने का काम प्रस्तावित है। इसको लेकर क्षेत्र के ग्रामीण पिछले तीन महीनों से उचित मुआवजे की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। ग्रामीणों ने पूर्व में अपनी मांगों को लेकर प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा था। बताया जा रहा है कि शनिवार शाम को गांव के ऋषि पटेल (35) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जैसे ही इसकी जानकारी ग्रामीणों को मिली, गेजामुड़ा गांव के बड़ी संख्या में लोग कोतरा रोड थाने पहुंच गए और विरोध जताने लगे।

ऋषि पटेल की गिरफ्तारी से बढ़ा आक्रोश

ग्रामीणों का कहना है कि गांव में चल रहे आंदोलन की अगुवाई ऋषि पटेल कर रहे थे। आरोप है कि जिंदल कंपनी में काम पर जाते समय उन्हें अचानक गिरफ्तार कर थाने लाया गया, जिसके विरोध में यह प्रदर्शन किया जा रहा है।

प्रशासन-ग्रामीणों के बीच बैठक

रविवार को भी ग्रामीणों ने ऋषि पटेल की गिरफ्तारी और नए दर पर जमीन मुआवजे की मांग को लेकर धरना जारी रखा। वहीं मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं। दोपहर में अधिकारियों और ग्रामीणों के प्रतिनिधिमंडल के बीच बैठक भी जारी है।

Share This Article