धमतरी, 06 दिसंबर(वेदांत समाचार)। जिले के बोराई थाना क्षेत्र में पुलिस ने उड़ीसा से अवैध रूप से लाए जा रहे गांजे की तस्करी को विफल करते हुए 480 ग्राम मादक पदार्थ के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एसपी धमतरी के निर्देश पर सीमावर्ती क्षेत्रों में बढ़ाई गई चेकिंग और सख्त निगरानी के तहत की गई।
जानकारी के अनुसार, बोराई पुलिस अवैध मादक पदार्थ, शराब तथा अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए नियमित रूप से वाहनों की जांच कर रही है। इसी दौरान उड़ीसा से आ रही काले रंग की सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। वाहन रुकते ही पीछे बैठा व्यक्ति उतर गया, जबकि चालक मोटरसाइकिल को तेज गति से भगाकर फरार हो गया। पीछे बैठे व्यक्ति की संदिग्ध गतिविधि को देखते हुए पुलिस ने उसे पकड़ने का प्रयास किया। वह भागने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने उसे घेराबंदी कर दबोच लिया।
पूछताछ और तलाशी में आरोपी के पास मौजूद पीठ के बैग से 480 ग्राम अवैध गांजा मिला, जिसकी अनुमानित कीमत 24 हजार रुपये बताई जा रही है। आरोपी से कुल 24,500 रुपये मूल्य का गांजा और नकदी बरामद की गई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिवलाल नेताम (30 वर्ष), निवासी तारंगपुरी, थाना कुंदई, जिला नवरंगपुर (उड़ीसा) के रूप में हुई।
पुलिस ने मामले में थाना बोराई में अपराध क्रमांक 11/25 दर्ज कर धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं, मोटरसाइकिल को लेकर भागे चालक की तलाश जारी है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर उसकी खोजबीन कर रही है।



