Vedant Samachar

कोरबा: घंटाघर मैदान में स्टंटबाजी पर पुलिस की सख्ती, थार सहित कई वाहन कार्रवाई के घेरे में

Vedant samachar
2 Min Read

कोरबा, 23 मार्च 2026। जिले में सड़क सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में सिविल लाइन रामपुर थाना क्षेत्र के घंटाघर ओपन थिएटर मैदान में खतरनाक तरीके से वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के तहत 19 मार्च 2026 को दोपहर करीब 3:30 से 4:00 बजे के बीच मैदान में कुछ वाहन चालकों द्वारा लापरवाहीपूर्वक और खतरनाक ड्राइविंग किए जाने की सूचना मिली थी। इस दौरान वहां मौजूद आम नागरिकों के लिए दुर्घटना की स्थिति बन गई थी।

शिकायत के आधार पर थाना सिविल लाइन रामपुर में अपराध क्रमांक 236/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 281, 3(5) तथा मोटर व्हीकल एक्ट 1988 की धारा 184 के तहत प्रकरण कायम कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान वाहन क्रमांक CG 11 AA 6166 (स्कॉर्पियो), CG 12 BJ 2975 (बोलेरो), CG 12 BF 3890 (स्विफ्ट) एवं CG 04 NG 8300 (थार) के चालकों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया। इनमें से थार वाहन (CG 04 NG 8300) के चालक रामकृष्ण साहू, निवासी डेंगू नाल, कोरबा तथा वाहन स्वामी नंदूलाल साव, निवासी दर्री, कोरबा की पहचान कर वाहन को जब्त कर लिया गया है। अन्य वाहनों की तलाश जारी है।

इसके अलावा मामले में संलिप्त तीन व्यक्तियों—हिमांशु बैरागी, मुकेश कुमार बैगा एवं रामकिशन साहू—के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 170 एवं 126/135 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे लापरवाह और खतरनाक ड्राइविंग करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा। जिला पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और तेज रफ्तार व स्टंट जैसी गतिविधियों से बचें, ताकि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Share This Article