Vedant Samachar

KORBA:घंटाघर चौक पर दुकान के सामने विवाद, दो युवकों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

Vedant samachar
2 Min Read

कोरबा, 23 मार्च 2026। शहर के घंटाघर चौक स्थित एक रेडीमेड दुकान के सामने हुए विवाद और मारपीट के मामले में सिविल लाइन रामपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 22 मार्च की रात करीब 9:30 से 10:00 बजे के बीच घंटाघर चौक स्थित एटीट्यूड मेन्स वेयर दुकान के सामने आपसी कहासुनी के बाद विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। इस दौरान शुभम साहू और बालाजी यादव के बीच विवाद बढ़ते हुए मारपीट में बदल गया। घटना के चलते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही सिविल लाइन रामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। दोनों पक्षों को थाने लाकर समझाइश दी गई, लेकिन उनके द्वारा विवाद जारी रखने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने एहतियातन कार्रवाई करते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 170, 126 और 135(3) के तहत दोनों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार शुभम साहू (27 वर्ष), निवासी एमआईजी-23 एमपी नगर, तथा बालाजी यादव (32 वर्ष), निवासी प्रेमनगर रजगामार, जिला कोरबा, इस मामले में शामिल पाए गए हैं।

जिला पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे आपसी विवाद से बचें और सार्वजनिक स्थानों पर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखें। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Share This Article