500 फीट गहरी खाई में गिरी बस 4 की मौत 18 घायल…

कुल्लू, 05 अप्रैल। हिमाचल प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थल कुल्लू में रविवार को एक निजी बस अनियंत्रित होकर लगभग 500 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि बस के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में 4 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 18 अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

बस में कुल 22 लोग सवार थे, जिनमें अधिकांश पर्यटक बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, स्थानीय पुलिस और होमगार्ड की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। गहरी खाई और दुर्गम पहाड़ी परिस्थितियों के बावजूद बचाव दल ने रस्सियों के सहारे नीचे उतरकर घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला।

अंधेरा होने और तीव्र ढलान के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। प्रशासन के अनुसार सभी 18 घायलों को सुरक्षित निकालकर एम्बुलेंस के जरिए बंजार और कुल्लू के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच के आदेश दे दिए हैं।