कोरबा में अवैध शराब पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: एक्टिवा में बेच रहे दो आरोपी गिरफ्तार, 20 पाव शराब जब्त – vedantsamachar.in

कोरबा में अवैध शराब पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: एक्टिवा में बेच रहे दो आरोपी गिरफ्तार, 20 पाव शराब जब्त

कोरबा, 06 मई (वेदांत समाचार)। जिले में अवैध गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस ने एक बार फिर प्रभावी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब बिक्री में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 20 पाव देसी प्लेन शराब और बिक्री की रकम भी जब्त की है।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में जिलेभर में अवैध शराब, जुआ-सट्टा और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में मानिकपुर चौकी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सुभाष ब्लॉक क्षेत्र के दो युवक एक्टिवा वाहन में शराब रखकर कुशा भट्ठा स्थित देसी शराब भट्टी के पास अवैध रूप से बिक्री कर रहे हैं।

सूचना मिलते ही मानिकपुर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और दोनों आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 180 एमएल वाली 20 पाव देसी प्लेन शराब बरामद की गई। साथ ही मौके से ₹200 की बिक्री रकम भी जब्त की गई।

पूछताछ में आरोपियों ने अवैध शराब बेचने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(1)(क)(ख) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान याकुल सोनी (31 वर्ष) और गौरी शंकर चौहान के रूप में हुई है, जो सुभाष ब्लॉक, मानिकपुर क्षेत्र के निवासी हैं।

कोरबा पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि अवैध शराब, जुआ, सट्टा या किसी भी तरह की अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाना, चौकी या डायल-112 पर दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

जिले में लगातार हो रही इस तरह की कार्रवाई से साफ है कि पुलिस अवैध कारोबार पर सख्ती से नजर बनाए हुए है और आगे भी ऐसे तत्वों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।