शिमला,30नवंबर : हिमाचल प्रदेश में सर्दी ने अपना असर बढ़ा दिया है। राज्य के कई पर्वतीय इलाकों में तापमान शून्य डिग्री से नीचे चला गया है, जबकि निचले क्षेत्रों में घना कोहरा रहने लगा है। मौसम विभाग की ताजा जानकारी के अनुसार, प्रदेश के अधिकांश जिलों में रात का तापमान 9 डिग्री से कम दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने निचले इलाकों में 2 दिसंबर तक घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। साफ मौसम का आनंद तीन दिसंबर तक जारी रहेगा, लेकिन 4 और 5 दिसंबर को कई क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। इसी वजह से मैदानी इलाकों में घने कोहरे के चलते कालका से शिमला जाने वाली सभी ट्रेनें देरी से पहुंच रही हैं।
शिमला मौसम केंद्र की जानकारी
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण उच्च और मध्य पर्वतीय जिलों में मौसम में बदलाव की संभावना है। 4 दिसंबर को उच्च पर्वतीय इलाकों में हल्की बर्फबारी और बारिश की संभावना है, जबकि 5 दिसंबर को मध्य और उच्च पहाड़ी क्षेत्रों में भी इसी तरह का मौसम देखने को मिल सकता है। इस दौरान तापमान में गिरावट भी हो सकती है।
ठंड से कांप रहे पर्वतीय क्षेत्र
उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान शून्य डिग्री से नीचे पहुंच गया है। शुक्रवार रात ताबो में न्यूनतम तापमान माइनस 7 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा कुकुमसेरी में -4.8, कल्पा में 0.4, सेऊबाग में 0.5, मनाली में 1.9, शिमला-धर्मशाला में 7.0, सुंदरनगर में 3.2, भुंतर में 1.0, ऊना में 6.7, कांगड़ा में 5.3, मंडी में 4.6, बिलासपुर में 6.5, हमीरपुर में 4.6, नारकंडा में 5.6, बरठीं में 3.3, कसौली में 8.4 और सराहन में 5.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
सैलानियों और स्थानीय लोगों के लिए मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि वे ठंड और कोहरे के मद्देनजर सावधानी बरतें और पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करते समय उचित तैयारी करें।



