जांजगीर-चांपा में कलेक्टर की साप्ताहिक बैठक: निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सख्ती, सुशासन तिहार के आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण होगा – vedantsamachar.in

जांजगीर-चांपा में कलेक्टर की साप्ताहिक बैठक: निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सख्ती, सुशासन तिहार के आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण होगा

जांजगीर-चांपा, 6 मई 2026। जिले में प्रशासनिक कसावट और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक ली। बैठक में सुशासन तिहार 2026 के तहत प्राप्त आवेदनों, जनसमस्या निवारण शिविरों, निर्माण कार्यों की प्रगति और विभिन्न सरकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का तेजी से और प्रभावी निराकरण करना है। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि शिविरों में प्राप्त आवेदनों को सही विभागों को भेजकर तय समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि हितग्राहियों को योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके।

जनसमस्या निवारण शिविरों को और प्रभावी बनाने के लिए कलेक्टर ने विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। इन शिविरों में ईसीजी, एक्स-रे, आयुष्मान कार्ड निर्माण और सामान्य स्वास्थ्य जांच जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही दिव्यांग शिविर, रोजगार मेला, ऋण मेला और किसान सम्मेलन भी आयोजित किए जाएंगे, जिससे विभिन्न वर्गों को सीधा लाभ मिल सके।

निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने दो टूक कहा कि गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। सभी कार्य तय समय-सीमा में पूरे किए जाएं और मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बताया कि वे खुद निर्माण कार्यों का निरीक्षण करेंगे और एसडीएम को भी नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए हैं।

महतारी वंदन योजना के तहत ई-केवाईसी प्रक्रिया को पूरी तरह निःशुल्क रखने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने चेतावनी दी कि यदि किसी भी प्रकार की शिकायत मिलती है तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कुदरी बैराज और शिवरीनारायण में बोटिंग गतिविधियों की सुरक्षा को लेकर भी प्रशासन अलर्ट है। कलेक्टर ने मॉकड्रिल कराने और सभी पर्यटकों व नाव चालकों के लिए लाइफ जैकेट अनिवार्य करने के निर्देश दिए हैं।

प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता लाने के लिए सभी विभागों को ई-ऑफिस प्रणाली अपनाने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने कहा कि सुशासन तिहार के आवेदनों का निराकरण भी ई-ऑफिस के माध्यम से किया जाए, ताकि जवाबदेही तय हो सके।

शिक्षा क्षेत्र में सुधार के लिए कलेक्टर ने 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणामों की समीक्षा की और बेहतर परिणाम के लिए विशेष कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर जोर दिया।

इसके अलावा, जिले में बड़े स्तर पर वृक्षारोपण अभियान की तैयारी शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी नगरीय निकायों, ग्राम पंचायतों और शासकीय कार्यालयों को इसमें सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा गया है।

बैठक में जनगणना 2027, बेसलाइन सर्वे, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, प्रधानमंत्री सड़क योजना और धान उठाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों की भी समीक्षा की गई।

बैठक में वनमंडलाधिकारी हिमांशु डोंगरे, जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, आर.के. तम्बोली, संयुक्त कलेक्टर संदीप सिंह ठाकुर, स्निग्धा तिवारी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।