गरियाबंद 6 मई 2026। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रखर चंद्राकर ने आज कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय एवं पीएमश्री हायर सेकेंडरी स्कूल, गरियाबंद का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दोनों संस्थानों में संचालित गतिविधियों, सुविधाओं तथा जारी कार्यों की विस्तार से जानकारी ली।
कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में बालिकाओं के लिए संचालित समर कैंप में पहुँचकर उन्होंने छात्राओं से विभिन्न गतिविधियों के बारे में पूछा और उन्हें अपनी रुचि के अनुसार कौशल सीखने तथा आगामी कक्षाओं की तैयारी में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। समर कैंप में मुख्य कार्यपालन अधिकारी को अपने बीच पाकर छात्राएँ उत्साहित और प्रसन्न दिखाई दीं। उन्होंने अधीक्षिका को निर्देशित किया कि हॉस्टल परिसर में स्वच्छता, बच्चों के स्वास्थ्य तथा आवश्यकतानुसार मरम्मत कार्यों पर विशेष ध्यान देने को कहा।
इसके पश्चात वे पीएमश्री हायर सेकेंडरी स्कूल पहुँचे। जहाँ उन्होंने जारी निर्माण कार्य, शौचालय निर्माण एवं अन्य मरम्मत कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण और समय-सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएँ। ताकि नए शैक्षणिक सत्र में विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही स्कूल में प्रवेश प्रक्रिया का अधिकाधिक प्रचार-प्रसार कर नामांकन बढ़ाने के निर्देश भी प्रदान किए। निरीक्षण के दौरान डीएमसी शिवेश शुक्ला भी उपस्थित थे।
