समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए की गई प्रशासनिक व्यवस्था को किसान ने सराहा, किया आभार व्यक्त

0 किसानों ने धान खरीदी व्यवस्था के लिए आभार व्यक्त किया।

जांजगीर-चांपा, 3 दिसंबर (वेदांत समाचार) खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 में धान उपार्जन के लिए की गई प्रशासनिक व्यवस्था के प्रति किसानों ने संतोष जाहिर करते हुए उसकी सराहना की है।
जिले में धान खरीदी का कार्य तेजी पर है। जिले के 238 केंद्रों में धान खरीदी के लिए समुचित व्यवस्था की गई है। किसान अपनी सुविधा अनुसार टोकन कटवाकर निर्धारित दिवस को धान बेचने पहुंच रहे हैं। किसानों की सुविधा के लिए छांव, पेयजल, बैठने आदि की व्यवस्था उपार्जन केंद्रों में की गई है। किसानों की सुविधा के लिए सभी उपार्जन केंद्रों में पर्याप्त मात्रा में बारदाना उपलब्ध कराया गया है। किसानों को स्वयं का बारदाना उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। राज्य सरकार ने बारदाना की कीमत 18 रूपये से बढ़ाकर 25 रूपये कर की है।

जिला मुख्यालय के समीप पेण्ड्री धान उपार्जन केंद्र में धान बेचने पहुंचे किसान धनीराम कश्यप ने बताया कि उसने टोकन कटवा कर आज 204 कट्टी धान बेचा है। उनक पास करीब 0 10 एकड़ कृषि भूमि है।धान बेचने में उसे किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। उपार्जन केंद्र के कर्मचारियों का व्यवहार सहयोगात्मक है। उन्होंने इस समुचित व्यवस्था के लिए राज्य सरकार और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है।

बम्हनीडीह धान उपार्जन केंद्र पर विजय लाल केंवट ने बताया कि धान बेचने के लिए उसे बहुत ही आसानी से बारदाना उपलब्ध कराया गया है। वे टोकन कटवाकर धान बेचने पहुंचे हैं। धान की तुलाई में भी किसी प्रकार की समस्या नहीं हुई। उन्होंने धान खरीदी केन्द्र में में जिला प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्था पर संतोष जाहिर किया।

नवापारा के किसान राम शंकर कश्यप ने कहा कि उन्होंने आज धान 180 कट्टी धान बेचा है । धान बेचने में उसको बहुत सहूलियत हुई । राज्य सरकार ने किसानों की सहूलियत का बहुत ध्यान रखा है । उन्होंने राज्य सरकार के प्रति इस व्यवस्था के लिए आभार व्यक्त किया है।