Vedant Samachar

सूरजपुर पुलिस द्वारा नए आपराधिक कानूनों की प्रदर्शनी, प्रदेश अध्यक्ष किरन सिंहदेव ने किया अवलोकन

Vedant samachar
3 Min Read

0 नए कानून मजबूत पुलिसिंग और पारदर्शी न्याय व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण—किरन सिंहदेव

सूरजपुर, 27 नवंबर (वेदांत समाचार)। नवीन आपराधिक कानूनों के प्रावधानों से आमजन को अवगत कराने के उद्देश्य से सूरजपुर पुलिस द्वारा कोतवाली परिसर में नए आपराधिक कानूनों की प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। गुरुवार, 27 नवंबर 2025 को आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन प्रदेश अध्यक्ष किरन सिंहदेव, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय और विधायक प्रेमनगर भूलन सिंह मरावी सहित अन्य अतिथियों ने किया। सभी ने प्रदर्शनी की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल जनता को नए कानूनों के प्रति जागरूक करने में अहम भूमिका निभाएगी।

प्रदर्शनी में महिला एवं बाल संरक्षण, शून्य एफआईआर, ई-एफआईआर, त्वरित न्याय, प्रौद्योगिकी आधारित पुलिसिंग और पारदर्शी प्रक्रिया जैसे बदलावों को आकर्षक डिस्प्ले के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। डीआईजी व एसएसपी सूरजपुर द्वारा अतिथियों को आपराधिक न्याय प्रणाली में तकनीकी बदलाव, विभिन्न सुरक्षा पोर्टल, ऑनलाईन चाइल्ड सेफ्टी मॉड्यूल, सशक्त, अभिव्यक्ति, त्रिनयन और समाधान प्रणाली के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि नवीन आपराधिक कानून न्याय प्रणाली को तेज, सरल और जनहितकारी बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगे। कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि नए प्रावधान महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाते हैं।

प्रदेश अध्यक्ष किरन सिंहदेव ने कहा कि नए कानून मजबूत पुलिसिंग के लिए बेहद जरूरी हैं और इनसे न्यायिक प्रक्रिया में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिल रहे हैं। प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने कहा कि इस प्रकार की प्रदर्शनियों से पुलिस और जनता के बीच संवाद बढ़ेगा तथा न्याय व्यवस्था और अधिक कुशल होगी।

डीआईजी व एसएसपी सूरजपुर ने बताया कि प्रदर्शनी में छात्रों, कानूनविदों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों एवं आम नागरिकों को नए कानूनों की जानकारी दी जाएगी। इस पहल से पुलिस-जनता के बीच तालमेल और विश्वास को और अधिक मजबूती प्राप्त होगी।

प्रदर्शनी में कलेक्टर एस. जयवर्धन, भाजपा जिलाध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी, प्रदेश कार्य समिति सदस्य भीमसेन अग्रवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष बाबूलाल अग्रवाल, मंत्री प्रतिनिधि ठाकुर प्रसाद राजवाड़े, जनपद अध्यक्ष स्वाति संत सिंह, नपा उपाध्यक्ष शैलेश अग्रवाल, शशिकांत गर्ग, दीपक गुप्ता, संजू सोनी, अजय अग्रवाल, अरविंद मिश्रा, लक्ष्मण कसेरा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।

प्रदर्शनी आगामी दिनों तक आमजन के लिए खुली रहेगी।

Share This Article