Vedant Samachar

कहां और कैसे हैं इमरान खान ? पाक की अदियाला जेल ने तोड़ी चुप्पी

Vedant samachar
2 Min Read

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की सेहत को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों के बीच अदियाला जेल प्रशासन ने बड़ा बयान जारी किया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इमरान खान को जेल से ट्रांसफर किए जाने की खबरें पूरी तरह निराधार हैं। अधिकारियों के अनुसार, वह पूरी तरह स्वस्थ हैं और उन्हें आवश्यक चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

जियो न्यूज़ ने जेल अधिकारियों के हवाले से बताया कि इमरान की सेहत से जुड़ी किसी भी तरह की आपात स्थिति की बात गलत है। प्रशासन ने कहा कि उनकी नियमित निगरानी और इलाज किया जा रहा है।

वहीं, इमरान खान की पार्टी ने गुरुवार सुबह X पर जारी बयान में कहा कि अफगान, भारतीय मीडिया और कुछ विदेशी सोशल मीडिया अकाउंट्स से उनकी सेहत को लेकर भ्रामक अफवाहें फैलाई जा रही हैं। पार्टी ने सरकार और गृह मंत्रालय से तत्काल इन अफवाहों का खंडन करने की मांग की। साथ ही इमरान खान और उनके परिवार के बीच तुरंत मुलाकात की व्यवस्था करने की अपील की गई।

पार्टी ने यह भी कहा कि इमरान खान की सेहत, सुरक्षा और मौजूदा हालात पर सरकार की ओर से औपचारिक और पारदर्शी बयान जारी किया जाना चाहिए।

उल्लेखनीय है कि पिछले सप्ताह अदियाला जेल के बाहर इमरान खान की तीन बहनों ने पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच की मांग की थी। इसके बाद से सोशल मीडिया पर उनकी तबीयत बिगड़ने और मृत्यु जैसी अफवाहें फैल रही थीं, जिनका अब जेल प्रशासन ने स्पष्ट रूप से खंडन कर दिया है।

Share This Article