Vedant Samachar

2 बदमाशों ने व्यापारी से 37 हजार कैश लूटे डंडे से मारपीट की, फिर बैग में रखे पैसे लूटकर भागे, तलाश में पुलिस

Vedant Samachar
2 Min Read

रायगढ़ ,22 मार्च (वेदांत समाचार): रायगढ़ जिले में लूट की वारदात सामने आई है। 2 बदमाशों ने चाय-नाश्ता ठेला चलाने वाले व्यवसायी के साथ मारपीट कर 37 हजार रुपए लूट लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामला कापू थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक पत्थलागांव खुर्द निवासी इतेन्द्र गुप्ता ने कापू थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि वह चाय-नाश्ता का ठेला चलाता है। 19 मार्च को वह अपने छोटा हाथी वाहन से महुआ लेकर कापू से जमरगाबाजार जा रहा था।

दोपहर करीब 1 बजे मड़वाताल पहाड़ के नीचे मंदिर के पास पहुंचते ही बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने डंडे से मारपीट की। उसका मोबाइल जमीन पर पटककर तोड़ दिया। मारपीट के बाद बदमाश उसके बैग में रखे 37 हजार रुपए नकद लूटकर धरमजयगढ़ की दिशा में फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने मामले में धारा 309(6) 324(4) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

चेहरे पर बंधा था सफेद गमछा

पीड़ित ने बताया कि आरोपी पल्सर या अपाचे जैसी बाइक पर आए थे। एक युवक नीली जींस, नीला-सफेद चेक शर्ट, हेलमेट पहने गाड़ी चला रहा था। दूसरा युवक पीछे बैठा था, जिसने मटमैले रंग का लोवर, ग्रे टी-शर्ट पहन रखा था।

उसके चेहरे पर सफेद गमछा बंधा था, हाथ में डंडा था। फिलहाल, पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

Share This Article