रायपुर,22 मार्च (वेदांत समाचार)। राजधानी रायपुर में अवैध रूप से घरेलू गैस सिलेंडर रखने के मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 16 नग इंडियन घरेलू गैस सिलेंडर, जिनकी कुल कीमत लगभग 64 हजार रुपये बताई जा रही है, जब्त किए गए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देश पर अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम और सहायक पुलिस आयुक्त उरला पूर्णिमा लामा के नेतृत्व में थाना खमतराई पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।
इसी दौरान थाना खमतराई को मुखबिर से सूचना मिली कि बंजारी मंदिर के पास एक व्यक्ति बड़ी मात्रा में घरेलू गैस सिलेंडर अवैध रूप से रखे हुए है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी और आरोपी को पकड़ लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी संजय साव (30 वर्ष), निवासी ट्रांसपोर्ट नगर, रावाभाठा, रायपुर, गैस सिलेंडरों से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने उसके कब्जे से 16 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त कर लिए।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना खमतराई में इस्तगासा क्रमांक 03/26 के तहत धारा 106 बीएनएसएस के अंतर्गत कार्रवाई की है। साथ ही, मामले की जानकारी खाद्य विभाग को भी भेजी जा रही है।
