जनगणना कार्य के दौरान मारपीट, दो अलग-अलग मकानों को एक ही नंबर देने का लगाया आरोप… – vedantsamachar.in

जनगणना कार्य के दौरान मारपीट, दो अलग-अलग मकानों को एक ही नंबर देने का लगाया आरोप…

तखतपुर, 05 मई (वेदांत समाचार)। जनगणना कार्य के दौरान सहयोग कर रहे ग्राम कोटवार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना में घायल कोटवार ने संबंधित शिक्षक और पटवारी के साथ सकरी थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। घटना तखतपुर विधानसभा के देवरिकला ग्राम पंचायत की बताई जा रही है, जहां कोटवार नकुल दास के साथ कथित तौर पर पूर्व सरपंच के बेटे और भतीजे ने अभद्र व्यवहार करते हुए मारपीट की।

जनगणना कार्य के लिए पहुंचे शिक्षक की मदद कर रहे कोटवार नकुल दास पर आरोप लगाया गया कि उन्होंने दो अलग-अलग मकानों को एक ही नंबर दे दिया। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट कर दी।

वहीं, जनगणना कार्य में लगे अधिकारियों का कहना है कि निर्देश के अनुसार पक्के मकान को एक नंबर और कच्चे मकान को अलग नंबर (दो नंबर) दिया जाना है। इस प्रक्रिया के तहत ही कार्य किया जा रहा था।

इस मामले में सकरी थाना प्रभारी विजय चौधरी ने बताया कि ग्राम कोटवार के द्वारा घरों में नंबरिंग कार्य किया जा रहा था. उसी मामले को लेकर उसके साथ मारपीट की गई है। मामले में रिपोर्ट दर्ज कर लिया गया है, आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी कर कार्रवाई की जायेगी।