सराफा व्यापारी और उसके कर्मचारी के बीच विवाद नाराज कर्मचारी ने रास्ते में ही कीटनाशक पीकर की आत्महत्या…

धमतरी25 नवंबर (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में सराफा व्यापारी और उसके कर्मचारी के बीच जमकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया था कि नाराज कर्मचारी ने रास्ते में ही कीटनाशक पीकर आत्महत्या कर ली। दोनों के बीच पायल चोरी को लेकर विवाद हुृआ था। इसके बाद कर्मचारी बाजार से लौट रहा था। उसी दौरान उसने रास्ते में अपनी जान दी है। पुलिस को उसका शव रोड किनारे पड़ा हुआ मिला था। अब मृतक के बेटे ने सराफा व्यापारी पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

दरअसल, शहर के आमापारा का रहने वाला रिसब संचेती सराफा व्यापारी है। वह जिले में घूम-घूमकर और बाजारों में जाकर सोना-चांदी बेचता है। उसके साथ रुद्री निवासी राकेश साहू(50) भी काम करता था। राकेश रिसब के यहां बतौर कर्मचारी के रूप में काम करता था। इस बीच रिसब ने मंगलवार को कांकेर जिले के नरहरपुर में दुकान लगाई थी। उसी दौरान रिसब और राकेश के बीच विवाद हुआ था। विवाद के बाद राकेश वापस धमतरी लौट रहा था। इसके बाद उसने धमतरी-नगरी रोड पर सियादेही के पास कीटनाशक पी लिया। जिससे वह बेहोश होकर रास्ते के किनारे ही पड़ा हुआ था।

वहीं पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मंगलवार को दोपहर को करीब 3.30 बजे इस रास्ते में निकली हुई थी। उसी वक्त सियादेही के पास राकेश साहू जमीन पर पड़ा हुआ मिला था। पुलिस ने मौके से कीटनाशक की बोतलें भी बरामद की थी। पुलिस राकेश को जिला अस्पताल लेकर गई थी। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। इसके बाद पुलिस ने मामले में जांच शुरू की थी।

बेटा बोला-पापा को बेइज्जत किया

इधर, राकेश के परिजनों को भी इस बात की सूचना दी गई। तब राकेश के बेटा जितेंद्र साहू पुलिस के पास पहुंचा और उसने बताया कि मेरे पिताजाी करीब 2.5 साल से रिसब संचेती के यहां काम कर रहे थे। मंगलवार को सरे बाजार में रिसब ने उसके पिता के साथ विवाद किया। सबके सामने बेइज्जत किया। इसी वजह से उन्होंने सुसाइड किया है। जितेंद्र ने व्यापारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

व्यापारी ने कहा-पायल चोरी किया

वहीं रिसब का कहना है कि राकेश ने दुकान की एक जोड़ी पायल चुराया था। मैंने यह देख लिया था। इस पर ही मैंने उससे कहा था कि तुमने पायल क्यों चुराया। इसके बाद विवाद हुआ था। मैंने उसे काम पर रखने से मना किया था। बाद में वो दुकान के पास से चला गया। इसके बाद क्या हुआ मुझे कुछ नहीं पता है। फिलहाल पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद बुधवार को परिजनों को शव को सौंपा है। पुलिस अभी इस मामले में जांच कर रही है।