Vedant Samachar

मुंगेली में बाल सुरक्षा सप्ताह 2025 की शुरुआत, पुलिस कर रही बच्चों को जागरूक — सुरक्षित भविष्य की दिशा में बड़ा कदम

Vedant Samachar
2 Min Read

मुंगेली,17नवंबर (वेदांत समाचार) । पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में जिले में 14 से 20 नवंबर 2025 तक ‘बाल सुरक्षा सप्ताह 2025’ का आयोजन किया जा रहा है। बच्चों को सुरक्षा, जागरूकता और उनके अधिकारों के प्रति संवेदनशील बनाने के उद्देश्य से शुरू किए गए इस विशेष अभियान को जिलेभर में सराहनीय प्रतिक्रिया मिल रही है।

अभियान की शुरुआत 14 नवंबर को मूक-बधिर संस्था के 19 बच्चों के साथ हुई। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने बच्चों को सरल और समझने योग्य भाषा में गुड टच-बैड टच, ऑनलाइन सुरक्षा, मानसिक एवं शारीरिक शोषण से बचाव सहित कानूनी सहायता जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी। बच्चों को हेल्पलाइन नंबर 1098 और 112 के उपयोग के बारे में भी बताया गया।

सप्ताह भर चलने वाले इस कार्यक्रम के तहत थाना एवं साइबर सेल भ्रमण का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने पुलिस की कार्यप्रणाली, तकनीकी सुरक्षा उपायों और साइबर जांच की प्रक्रिया को नजदीक से जाना। वहीं चैतन्य एकेडमी की छात्राओं के लिए आयोजित विशेष जागरूकता सत्र में साइबर बुलिंग, ऑनलाइन ठगी और सोशल मीडिया गोपनीयता सेटिंग्स की विस्तृत जानकारी दी गई।

अभिभावकों और आम नागरिकों को भी इस अभियान से जोड़ा जा रहा है। विशाल मेगा मार्ट में पुलिस टीम ने लोगों से संवाद कर सार्वजनिक स्थानों पर बच्चों की सुरक्षा, संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क रहने और पुलिस को तत्काल सूचना देने की अपील की।

पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा तभी संभव है जब वे जागरूक हों और किसी भी गलत परिस्थिति में बिना हिचक पुलिस से संपर्क करें। उन्होंने सभी नागरिकों से बाल सुरक्षा के इस साझा प्रयास में जुड़ने की अपील की।

मुंगेली पुलिस का यह अभियान बच्चों के लिए सुरक्षित, संवेदनशील और सशक्त वातावरण बनाने की दिशा में अहम भूमिका निभा रहा है।

Share This Article