मैं आप लोगों से रिश्ता बनाने आया हूं : अरविन्द केजरीवाल..

सीएम अरविन्द ने हरिद्वार में ऑटो में बैठकर किया शहर भ्रमण

देहरादून 21 नवंबर (वेदांत समाचार)। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल एक दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड के हरिद्वार पहुंचे। यहां उन्होंने ऑटो चालकों यूनियन को सम्बोधित किया और आम आदमी पार्टी को आगामी विधानसभा चुनाव 2022 में चुनने के कारण दिए। उन्होंने दिल्ली का उदारहण देकर यहां के ऑटो चालकों को साधने का प्रयास किया। इस दौरन उन्होंने एक बड़ी बात कही ` एक बार उत्तराखंड में आप को मौका दें, दूसरी पार्टियों को वोट देना भूल जाएंगे। ` बता दे कि देश के 5 राज्यों में विधानसभा चुनाव 2022 होने के है। इन 5 में उत्तराखंड भी शामिल है। यहां के विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस-भाजपा तैयारियों में जुटी हुई हैं तो वहीं आम आदमी पार्टी भी जमकर चुनावी प्रचार में लगी हुई हैं।

मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने टैक्सी , ऑटो चालकों , ई – रिक्शा यूनियन की बैठक को संबधित करते हुए कहा ` दिल्ली में हमारी जीत में ऑटो चालकों का 70 प्रतिशत योगदान है। दिल्ली के ऑटो वाले मुझे अपना भाई मानते हैं। वहां ऑटो वाले हमारे मुरीद हैं। ` कोरोना संक्रमण काल में जब दिल्ली में लॉकडाउन लगा था तो हमने ऑटो चालकों के खाते में करीब डेढ़ सौ करोड़ रुपए जमा किए।

उन्होंने कहा कि हरिद्वार में मैं आप लोगों से रिश्ता बनाने आया हूं, आपको भाई बनाने आया हूं। आपकी सारी समस्याओं की जिम्मेदारी अब मेरी है। उन्होंने दिल्ली की तर्ज पर मुफ्त में तीर्थयात्रा कराने का नया एलान किया है। उन्होंने उत्तराखंड में मुफ्त तीर्थयात्रा की गारंटी दी है। सम्बोधन के बाद उन्होंने आम आदमी पार्टी के प्रचार का पोस्टर एक ऑटो पर लगाया और उस पर बैठकर हरिद्वार शहर घूमने निकल पड़े।