चंद्रग्रहण की कालावधि शुरु, अगले 6 घंटों तक ग्रहण में रहेगा चंद्रमा, भारत में नहीं है मान्य…

19 नवंबर (वेदांत समाचार)। इस साल का अंतिम चंद्रग्रहण शुरु हो चुका है। भारतीय समयानुसार 19 नवंबर यानी आज चंद्र ग्रहण सुबह 11:32 मिनट से शुरू हो कर शाम 5 बजकर 34 मिनट पर खत्‍म होगा। यानी इस आंशिक चंद्र ग्रहण की अवधि करीब 6 घंटे 2 मिनट होगी। खगोलविद् इसे करीब 1000 सालों में लगने वाला सबसे लंबा आंशिक चंद्र ग्रहण बता रहे हैं। इससे पहले 18 फरवरी, 1440 को इतनी लंबी अवधि का आंशिक चंद्र ग्रहण हुआ था। अब इतनी लंबी अवधि का आंशिक चंद्र ग्रहण 8 फरवरी, 2669 को लगेगा।

साल का आखिरी चंद्र ग्रहण कार्तिक पूर्णिमा के दिन लगने जा रहा है जो भारत के कई राज्यों में दिखाई नहीं देगा। भारतीय समयानुसार 19 नवंबर को चंद्र ग्रहण सुबह 11:32 मिनट से शुरू हो कर शाम 5 बजकर 34 मिनट पर खत्‍म होगा। 19 नवंबर को दोपहर 2 बजकर 32 मिनट पर चंद्रमा का तकरीबन 99 फीसदी हिस्सा पृथ्वी की गहरी आंतरिक छाया से ढक जाएगा।

साल के इस अंतिम चंद्रग्रहण को लेकर विद्वानों का कहना है कि भारत में यह उपछाया ग्रहण है, जिसे आंशिक कहा जाता है, लिहाजा सूतक काल इस दौरान मान्य नहीं होता है। इसका तात्पर्य यह है कि इस चंद्रग्रहण से भारत पर किसी तरह का असर नहीं होगा।