IPL सट्टा रैकेट का भंडाफोड़: सक्ती पुलिस ने 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार, मोबाइल जब्त – vedantsamachar.in

IPL सट्टा रैकेट का भंडाफोड़: सक्ती पुलिस ने 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार, मोबाइल जब्त

सक्ती, 03 मई 2026। जिले में आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना सक्ती में दर्ज अपराध क्रमांक 197/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 07 के अंतर्गत यह कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी भुपेन्द्र राठौर (28 वर्ष), निवासी रानीसागर पारा, सक्ती द्वारा विभिन्न बेटिंग एप्स के माध्यम से आईपीएल मैचों में ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा था। वह क्यूआर कोड के जरिए आईडी बनाकर उन्हें व्हाट्सएप के माध्यम से अन्य लोगों को उपलब्ध कराता था और पासवर्ड देकर उनसे सट्टा खिलवाता था। इसके बदले वह रकम प्राप्त करता था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रेड कार्रवाई करते हुए भुपेन्द्र राठौर को गिरफ्तार किया। उसके मोबाइल की जांच में सामने आया कि उसने चंद्रेश कुमार राठौर (32 वर्ष), निवासी नंदौर खुर्द और मुकेश अग्रवाल (46 वर्ष), निवासी स्टेशन रोड सक्ती को आईडी बेचकर सट्टा खिलाने का काम किया था।

डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को दबिश देकर गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान उन्होंने अपना अपराध स्वीकार किया और अपने पास रखे मोबाइल फोन पुलिस को सौंप दिए। जांच में पुष्टि हुई कि दोनों आरोपी भुपेन्द्र राठौर से आईडी लेकर आईपीएल मैचों में सट्टा खेला रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 मोबाइल फोन, जिनकी कुल कीमत लगभग 30,000 रुपये है, जब्त किए हैं। आरोपियों के पास किसी प्रकार के वैध दस्तावेज नहीं पाए गए।

यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक प्रफ्फुल कुमार ठाकुर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल एवं एसडीओपी डॉ. भुनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस ने तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। सक्ती पुलिस की इस कार्रवाई से आईपीएल सट्टा कारोबार में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने साफ किया है कि अवैध सट्टेबाजी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।