स्लैग पर पानी के छींटे पड़ने के कारण हुआ ब्लास्ट,6 मजदुर घायल 1 की हालत गंभीर…

 भिलाई 09 नवंबर (वेदांत समाचार)।भिलाई इस्पात संयंत्र के एमआरडी-2 (मटेरियल रिकवरी डिपार्ट) विभाग में गर्म लोहे पर पानी के छींटे पड़ने के कारण ब्लास्ट हो गया। सोमवार की रात आठ बजे हादसा हुआ। इसमें वहां काम कर रहे छह कर्मचारी झुलस गए। इसमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को सेक्टर-9 अस्पताल के बर्न यूनिट में भर्ती किया गया है।

जबकि एक कर्मचारी को मामूली रूप से झुलसने के कारण उसे प्लांट से घर भेज दिया गया। बीएसपी में मर्चेंट मिल के सामने ही एमआरडी-2 स्थित है। इसी विभाग के स्लैग यार्ड में यह हादसा हुआ। यहां स्लैग कंटेनर जिसे थिंबल कहा जाता है उसमें संयंत्र के एसएमएस-2 से गर्म लोहे (स्लैग) को लाया गया था। उसे ठंडा करने के लिए करीब 24 घंटे तक पानी में डाला जाता है।

इस दौरान ही कई बार स्लैग भीतर से पूरी तरह जम नहीं पाता, भीतर में लिक्विड रह जाता है। माना जा रहा है कि क्रेन से थिंबल को पलटे जाने के दौरान ही लिक्विड बाहर की ओर आ गया और विस्फोट हो गया।

घटना के समय मौजूद थे छह कर्मी

घटना जब हुई तब वहां पर बीएसपी के दो नियमित कर्मचारी के अलावा चार ठेका श्रमिक मौजूद थे। इसमें से एक ठेका श्रमिक मनीष कुमार साहू क्रेन चला रहा था, ब्लास्ट होते ही वह 60-65 फीसद झुलस गया। वहीं चार अन्य कर्मी भी झुलस गए, इनके अलावा एक कर्मी मामूली रूप से प्रभावित हुआ। सभी पांच घायलों को मेन मेडिकल पोस्ट से सेक्टर-9 अस्पताल रात 8ः15 बजे रेफर किया गया। सभी को बर्न यूनिट में भर्ती किया गया है।

अफरा तफरी भरा माहौल

बीएसपी के एमआरडी-2 में हादसे के दौरान विस्फोट की आवाज से आसपास के विभाग में कार्यरत अन्य कर्मचारी अनहोनी की आंशका से दहशत में आ गए।थोड़ी देर के लिए अफरा तफरी मच गई।

प्रबंधन के उच्च अधिकारियों ने पहुंचकर स्थिति को संभाला। भिलाई इस्पात संयंत्र के डायरेक्टर इंचार्ज अनिर्बान दासगुप्ता पूरे मामले पर देर रात तक नजर बनाए हुए थे, और घायलों के सेहत की जानकारी भी ली।

कौन कितना प्रभावित

मनीष कुमार साहू (ठेका श्रमिक) 41 वर्ष निवासी पंहडोर उतई, 60 से 65 फीसद झुलसे

विजय कुमार दोलाई (ठेका श्रमिक) 38 वर्ष, निवासी सेक्टर-2, 10 से15 फीसद झुलसे

पी राजू नायर (ठेका श्रमिक) 47 वर्ष, सोनिया नगर खुर्सीपार 5 से 10 फीसद झुलसे

मैथी अलगन (बीएसपी कर्मी) 58 वर्ष 5 फीसद से झुलसे

रजनीश कुमार चौहान (ठेका श्रमिक) 31 वर्ष, निवासी धमधा नाका दुर्ग 5 फीसद से कम झुलसे

घायलों से मिलने पहुंचे यूनियन नेता

घटना की जानकारी लगते ही बीएसपी के विभिन्ना यूनियन के नेता, ठेका श्रमिक नेता के अलावा बीएसपी के अधिकारी भी घायलों का हाल जानने पहुंच गए थे। इंटक के अतिरिक्त महासचिव संजय साहू, पीवी राव, राजकुमार, रेशम राठौर, किशोर प्रधान, सीटू ठेका प्रकोष्ठ के योगेश सोनी सहित अन्य पहुंचे थे। उन्होंने घायलों का हाल जाना और घटना की जानकारी भी ली। जीएम टीएन साहू भी बर्न यूनिट में पहुंचे हुए थे।

घायलों की स्थिति सामान्य

सभी घायलों की स्थिति सामान्य है। सभी को सेक्टर-9 अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती किया गया है। सभी का इलाज चल रहा है। -डा . एसके इस्सर, अधिशासी निदेशक सेक्टर 9 अस्पताल