बच्चों से छठ पर्व पर भी आने का किया था वादा जवान धर्मेंद्र की उसके साथी ने ही ले ली जान..

छत्तीसगढ़ 08 नवंबर (वेदांत समाचार)। सुकमा में रविवार देर रात CRPF (केंद्रीय रिजर्व पुलिस फोर्स) जवान ने अपने साथियों पर AK-47 से फायरिंग कर दी। घटना में 4 जवानों की मौत हो गई। इनमें रोहतास जिले के संझौली थाना अंतर्गत गरुड़ा ग्राम के निवासी धर्मेंद्र सिंह भी शामिल हैं। वह छठ पर्व पर घर आने वाले थे। पत्नी, बच्चों को सासाराम से लेकर सोमवार सुबह पैतृक गांव चली गई थी। घर पहुंचने पर उनकी पत्नी के मोबाइल पर धर्मेंद्र की मौत की खबर आते ही छठ पूजा का सारा उत्साह मातम में बदल गया।

परिजन अवधेश सिंह ने बताया, ‘धर्मेंद्र की पत्नी सविता दो बेटियों और एक बेटे की पढ़ाई के लिए सासाराम में रहती है। सोमवार सुबह जब वह गांव पहुंची तो 7 बजे मोबाइल पर CRPF कैंप से फोन आया। दशहरा पर धर्मेंद्र घर आए थे। उन्होंने बच्चों से छठ पर्व पर भी आने का वादा किया था, लेकिन होनी को कुछ और ही मंजूर था। बच्चे दो दिनों से गांव आने के लिए बहुत उत्साहित थे। फोन आया तो उन्हें लगा कि पापा आ रहे हैं, यही सूचना है।’

धर्मेंद्र सिंह की मौत की खबर उनकी पत्नी के मोबाइल पर आई। इसके साथ ही ही छठ पूजा का सारा उत्साह मातम में बदल गया।

परिजनों ने बताया, ‘धर्मेंद्र 4 भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके 3 भाई राजेंद्र सिंह, जितेंद्र सिंह और मुन्ना गांव में ही रहकर खेती करते थे। धर्मेंद्र ने 2011 में CRPF जॉइन किया था। पिता रामवचन सिंह वृद्ध हो चुके हैं। उन्हें यह विश्वास ही नहीं हो रहा है कि जवान बेटा चला गया | कभी वह बहू सविता को बेहोश होता देख परेशान हो रहे हैं तो कभी बच्चों का चेहरा देख रो रहे हैं।