फिल्म में राजकुमार राव पुलिस कांस्टेबल और भूमि पेडणेकर पीटी टीचर के रोल में, दोनों का होगा एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर

राजकुमार राव इन दिनों प्रोड्यूसरों के चहेते चेहरे बने हुए हैं। उन्हें लगातार फिल्में ऑफर हो रही हैं। इन दिनों वो ‘हिट’ की शूटिंग में बिजी हैं। दीवाली से पहले तक वो मुंबई में इसकी 90 फीसदी शूटिंग पूरी कर लेंगे। दीवाली के तुरंत बाद वो अनुभव सिन्हा की ‘भीड़’ की शूट शुरू करेंगे। साथ ही उनकी ‘बधाई दो’ का पोस्ट प्रोडक्शन भी शुरू हो चुका है। दिसंबर से वो करन जौहर के बैनर की फिल्म भी शुरू करेंगे। उसकी कास्टिंग का काम पिछले दो महीनों से चल रहा है। इसमें राजकुमार राव के पिता के रोल के लिए मनु ऋषि का भी ऑडिशन हुआ था, पर मेकर्स को वो जरा यंग लगे। ऐसे में मनु ऋषि को फाइनलाइज नहीं किया गया। हाल ही में मनु ऋषि ‘हम दो हमारे दो’ में कृति सैनन के पिता के रोल में नजर आए थे।

करन जौहर के बैनर से जुड़े सूत्रों ने बताया, “उस फिल्म का डायरेक्शन ‘गुंजन सक्सेना: द कारगिल गर्ल’ के डायरेक्टर शरण शर्मा करेंगे। उसमें जाह्नवी कपूर भी हैं। बहरहाल, राजकुमार राव और भूमि पेडणेकर की ‘बधाई दो’ मूल रूप से एक्स्ट्रामैरिटल अफेयर के रिश्तों पर बेस्ड है। फिल्म से जुड़े सूत्रों ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि राजकुमार राव कहने को पुलिस कॉन्स्टेबल के रोल में हैं, मगर फिल्म में एक भी फाइट सीक्वेंस नहीं है।

फिल्म में राजकुमार राव पुलिस कांस्टेबल के रोल में आएंगे नजर
सूत्रों ने फिल्म के बारे में बताया, “राजकुमार राव इसमें दिल्ली एनसीआर से ताल्लुक रखने वाले पुलिस कॉन्सटेबल के रोल में हैं। भूमि इसमें पीटी टीचर के रोल में हैं। हालांकि, यह फैमिली कॉमेडी जॉनर की फिल्म है। राजकुमार राव और भूमि के किरदार शादी शुदा हैं। उनके नाम शरद और सुमन हैं। शरद का एक टाइम के बाद किसी और से अफेयर शुरू हो जाता है। भूमि की इससे पहले कार्तिक आर्यन और अनन्या पांडे की ‘पति पत्नी और वो’ की रीमेक आई थी। उसमें विवाहित चिंटू त्यागी यानी कार्तिक का अफेयर अनन्या यानी तपस्या से शुरू हुआ था। ‘बधाई दो’ में शरद और सुमन के शादीशुदा संबंधों को किन तपस्याओं से गुजरना पड़ता है, फिल्म उस बारे में है। राजकुमार राव की भी ‘हमारी अधूरी कहानी’ में एकस्ट्रा मैरिटल अफेयर था।”

थिएटर के दिनों के स्मार्ट यूज से राजकुमार आज इस मुकाम पर:मनु ऋषि
राजकुमार राव के सीनियर मनु ऋषि ने राजकुमार राव की छलांग को एनालाइज करते हुए कहा कि राजकुमार राव ने थिएटर के दिनों का स्मार्टली यूज किया। मनु कहते हैं, “राजकुमार राव तो हमसे 17 से 18 साल जूनियर हैं। हम लोग तो श्रीराम सेंटर में 15 साल लगे रह गए। राजकुमार ने दो साल ही वहां दिए। फिर एनएसडी में तीन साल के एक्टिंग कोर्स के बजाय एफटीआईआई में एक साल के कोर्स को तरजीह दी। सेट पर वो अपने कोएक्टर्स के साथ मिलकर इंप्रोवाइज करने में काफी यकीन रखते हैं। अपने को-एक्टर की बात मानकर वो सीन को अंजाम देते हैं। बाकी अनुशासित जीवन जीते हैं। अपना फोकस बस फिल्मों पर रखते हैं। इन सब आदतों का फायदा उन्हें मिला है।”

एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर पर बनी फिल्में
एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर पर बनी फिल्मों को ऑडियंस वेल रिसीव करती रही है। रोचक बात यह है कि वो क्रिटिकली एक्लेम भी रही हैं।

  • लंचबॉक्स-इरफान, निम्रत कौर की यह फिल्म खासी चर्चा में रही थी। यहां अपने पति की उपेक्षा के चलते निम्रत का किरदार अनजान इंसान से प्यार करने लगती है। इसमें नवाजुद्दीन सिद्दीकी भी थे।
  • अर्थ-इसे महेश भट्ट की रियल लाइफ एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर से प्रेरित बताई गई थी। इस फिल्म में पूजा के रोल के लिए शबाना आजमी को नेशनल अवॉर्ड भी मिला था।
  • मर्डर-इसमें मल्लिका शेरावत का किरदार अपने पति की बेरुखी के चलते अपने एक्स बॉयफ्रेंड के पास जाती है, मगर फिर उसका जमीर जागता है। एक्स बॉयफ्रेंड का कत्ल तक होता है।
  • ऐतराज-यहां बुजुर्ग इंसान की पत्नी बनी प्रियंका चोपड़ा अपने एक्स लवर से जिस्मानी संबंध कायम रखना चाहता है, मगर बदले में क्या होता है, उस पर यह उम्दा कोर्ट रूम ड्रामा बनी थी।
  • अस्तित्व-तब्बू ने इसमें अकेलेपन और पति की उदासीनता की शिकार महिला का रोल प्ले किया था। तब्बू को इसके लिए खासी सराहना मिली थी।