दिल्ली में नाइजीरियन ड्रग्स नेटवर्क का भंडाफोड़: रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2 आरोपी गिरफ्तार, 11 लाख की जब्ती – vedantsamachar.in

दिल्ली में नाइजीरियन ड्रग्स नेटवर्क का भंडाफोड़: रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2 आरोपी गिरफ्तार, 11 लाख की जब्ती

रायपुर, 02 मई 2026 (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पुलिस ने अंतर्राष्ट्रीय ड्रग्स नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए दिल्ली में सक्रिय एक नाइजीरियन गिरोह का भंडाफोड़ किया है। कमिश्नरेट रायपुर के पुलिस उपायुक्त (क्राइम एंड साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य) उमेश प्रसाद गुप्ता के संयुक्त निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और देवेंद्र नगर थाना पुलिस की टीम ने यह कार्रवाई की।

पुलिस ने इस मामले में एक नाइजीरियन नागरिक सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 9.70 लाख रुपये नकद, 5 आईफोन/मोबाइल और 3 चेकबुक जब्त किए गए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 11 लाख रुपये बताई जा रही है।

जांच में खुलासा हुआ है कि यह ड्रग्स नेटवर्क नाइजीरिया से संचालित हो रहा था और देश के विभिन्न राज्यों समेत छत्तीसगढ़ में कोकीन की सप्लाई की जा रही थी। आरोपी बीपी मशीन के डिब्बों में कोरियर के माध्यम से ड्रग्स भेजते थे, जिससे शक न हो।

इस पूरे मामले की शुरुआत 19 मार्च 2026 को हुई थी, जब देवेंद्र नगर थाना क्षेत्र में नारायणा हॉस्पिटल के पास से आरोपी कृष्ण गोपाल अग्रवाल को 4.55 ग्राम कोकीन के साथ गिरफ्तार किया गया था। उस समय पुलिस ने आरोपी के पास से 2.27 लाख रुपये की कोकीन, एक कार और आईफोन समेत करीब 20.27 लाख रुपये का माल जब्त किया था।

पूछताछ और तकनीकी जांच के दौरान पुलिस को अंतर्राष्ट्रीय ड्रग्स सिंडिकेट से जुड़े इनपुट मिले। इसके बाद पुलिस टीम को दिल्ली भेजा गया, जहां तिलक नगर क्षेत्र में आरोपियों सन्नी शर्मा और नाइजीरियन नागरिक तोचकू अफामे उर्फ प्रिन्स चार्ल्स को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे कोकीन की सप्लाई बीपी मशीन के जरिए कोरियर से करते थे और देशभर में अलग-अलग तरीकों से ड्रग्स पहुंचाते थे। इस नेटवर्क का संचालन नाइजीरिया में बैठे ‘चिची’ नामक व्यक्ति द्वारा किया जा रहा था। भारतीय आरोपी सन्नी शर्मा अपने बैंक खाते कमीशन के आधार पर इस गिरोह को उपलब्ध कराता था।

पुलिस को जांच में यह भी जानकारी मिली है कि पिछले छह महीनों में करीब 2 करोड़ रुपये के ड्रग्स मनी ट्रांजैक्शन हुए हैं। आरोपियों के बैंक खातों में करोड़ों रुपये के लेन-देन के सबूत मिले हैं, जिनकी जांच जारी है।

देवेंद्र नगर थाना में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 22बी के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

रायपुर पुलिस की इस कार्रवाई से अंतर्राष्ट्रीय ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। वर्ष 2026 में अब तक एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने नारकोटिक्स एक्ट के 36 मामलों में 93 आरोपियों को गिरफ्तार कर करोड़ों रुपये के मादक पदार्थ और अन्य सामान जब्त किए हैं।