Bilaspur News: ऑपरेशन के बाद आरक्षक की मौत, श्रीराम केयर हॉस्पिटल पर लापरवाही के आरोप, जांच शुरू – vedantsamachar.in

Bilaspur News: ऑपरेशन के बाद आरक्षक की मौत, श्रीराम केयर हॉस्पिटल पर लापरवाही के आरोप, जांच शुरू

बिलासपुर, 02 मई (वेदांत समाचार)। बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां आरक्षक सत्या पाटले की पथरी के ऑपरेशन के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना नेहरू नगर स्थित श्रीराम केयर हॉस्पिटल में हुई, जहां इलाज के दौरान कथित लापरवाही को लेकर परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

जानकारी के मुताबिक, तिफरा पुलिस कॉलोनी निवासी आरक्षक सत्या पाटले को तबीयत खराब होने पर 28 अप्रैल 2026 को श्रीराम केयर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। जांच के बाद डॉक्टरों ने पथरी की पुष्टि करते हुए ऑपरेशन की सलाह दी, जिसके बाद उनका सर्जरी किया गया।

परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद गुरुवार रात उनकी हालत अचानक बिगड़ने लगी और उन्हें उल्टियां होने लगीं। इस दौरान अस्पताल के ड्यूटी स्टाफ और डॉक्टरों को कई बार सूचना दी गई, लेकिन समय पर कोई भी मरीज को देखने नहीं पहुंचा। परिजनों के अनुसार, उचित इलाज और निगरानी के अभाव में उनकी हालत लगातार खराब होती गई और अंततः उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद मृतक के परिजनों ने सिविल लाइन थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। साथ ही अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की गई है। परिजनों का कहना है कि डॉक्टरों और स्टाफ की लापरवाही के कारण ही आरक्षक की जान गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।

यह घटना निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली और मरीजों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है। अब देखना होगा कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होती है।