0 रायपुर के शास्त्री चौक पर यातायात जागरूकता अभियान के तहत विद्यार्थियों ने वाहन चालकों को किया जागरूक
रायपुर,15अक्टूबर (वेदांत समाचार)। यातायात पुलिस द्वारा चलाए जा रहे यातायात जागरूकता अभियान के तहत बुधवार को राजधानी के शास्त्री चौक में एक अनोखा दृश्य देखने को मिला। यहां राष्ट्रीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कचहरी चौक के लगभग 60 छात्र-छात्राएं सड़क पर उतरकर वाहन चालकों को यातायात नियमों का पाठ पढ़ाते नजर आए।
इन छात्र-छात्राओं को पूर्व में 10 अक्टूबर 2025 को यातायात पुलिस द्वारा ट्रैफिक नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई थी। आज उन्होंने अपने खेल शिक्षक, यातायात पुलिस के प्रशिक्षक टी.के. लाल भोई और आरक्षक सहदेव वर्मा के साथ मिलकर शास्त्री चौक पर अभियान चलाया।
बच्चों ने हाथों में तख्तियाँ लेकर वाहन चालकों को जागरूक किया। इन तख्तियों पर “रॉन्ग साइड वाहन न चलाएं”, “हेलमेट जरूर लगाएं”, “नशे की हालत में वाहन न चलाएं”, “सीट बेल्ट लगाना न भूलें”, “बिना लाइसेंस वाहन न चलाएं”, “निर्धारित पार्किंग स्थल का ही उपयोग करें” जैसे संदेश लिखे थे।
छात्रों ने सिग्नल पर रुकने वाले वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन की समझाइश दी और दोपहिया चालकों से हेलमेट पहनने, चारपहिया चालकों से सीट बेल्ट लगाने की अपील की। करीब दो घंटे तक चले इस अभियान के दौरान छात्रों ने लोगों से विनम्रता से बातचीत कर यातायात के महत्व को समझाया।
इस दौरान यातायात थाना शारदा चौक से सहायक उप निरीक्षक टीकाराम सागर, आरक्षक रामशरण क्षत्रिय एवं अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे, जिन्होंने छात्रों का उत्साहवर्धन किया।
रायपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सड़क पर आवागमन के दौरान यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस ने कहा कि नियम आपकी सुरक्षा और सुविधा के लिए बनाए गए हैं। शहर के प्रमुख मार्गों पर आईटीएमएस कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है।
पुलिस ने आगे कहा कि त्योहारों के मौसम में बाजार क्षेत्रों में भीड़भाड़ बढ़ना स्वाभाविक है, ऐसे में नागरिकों से अनुरोध है कि यदि खरीदारी के लिए नहीं जा रहे हों, तो मुख्य बाजार मार्गों के बजाय वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करें। रायपुर पुलिस ने भरोसा दिलाया कि वह नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा के लिए निरंतर तत्पर है।



