कोरबा, 1 मई 2026। अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर जिले में छत्तीसगढ़ की पारंपरिक संस्कृति को समर्पित ‘बोरे बासी’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं की सहभागिता रही।
कार्यक्रम में कोरबा जिले से छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संयुक्त महामंत्री एवं रायगढ़ जिला प्रभारी रजनीश तिवारी तथा छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व श्रम कल्याण मंडल बोर्ड के सदस्य नवीन सिंह ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने श्रमिकों के सम्मान में ‘बोरे बासी’ ग्रहण कर छत्तीसगढ़ी संस्कृति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि ‘बोरे बासी’ केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान और श्रम के सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार द्वारा पारंपरिक त्योहारों को बढ़ावा देने की पहल को याद करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य करते हैं।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व प्रभारी महासचिव गिरीश देवांगन, जीव-जंतु कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष आलोक चंद्राकर, भाटापारा क्षेत्र के पूर्व मंडी अध्यक्ष सुशील शर्मा सहित अनेक कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मजदूर दिवस के इस आयोजन में श्रमिकों के साथ ‘बोरे बासी’ साझा कर उनके योगदान का सम्मान किया गया तथा छत्तीसगढ़ी परंपरा को सहेजने का संदेश दिया गया।
