वृद्धा की चेन लूटने वाले बदमाश चौथे दिन भी बेसुराग

ग्वालियर.19 अक्टूबर (वेदांत समाचार) । कृष्ण नगर में 67 साल की वृद्धा के गले से झपट्टा मारकर सोने की चेन लूटने वाले बाइक सवार बदमाशों का चौथे दिन भी कोई सुराग नहीं लगा है। झपट्टामारी की घटना से दीपावली के त्योहार पर किए गए सुरक्षा इंतजामों सवाल उठने लगे हैं। हालांकि पुलिस का दावा है क बाइक सवारों बदमाशों की तलाश की जा रही है।

क्राइम ब्रांच को भी लुटेरों को पकड़ने के लिए लगाया गया है। चेन लूट की वारदात शनिवार की रात को हुई थी। पुलिस के लुटेरों के सीसीटीवी कैमरे के फुटेज भी मिले है।

सिद्धेश्वर नगर मुरार निवासी अरुणा देवी(67 वर्ष) पत्नी राजेंद्र सिंह भदौरिया शनिवार की रात को भतीजी कुंमारी सोनी के साथ स्कूटर से बेटी के घर बैंक कालोनी जा रहीं थी। रात 8 बजे के लगभग कृष्णा नगर में चरू किराना स्टोर के सामने काले रंग की बाइक पर सवार दो बदमाश पीछे से आए। वृद्धा के गले में नजर आ रही सोने की चेन पर झपट्टा मारा।

बदमाशों के अप्रत्याशित हमले से स्कूटर अनियंत्रित हो गया। वृद्धा व भतीजी गिरते से बच गईं। बदमाशों के चेन पर हाथ मारते ही उन्होंने चेन को पकड़ने का प्रयास किया। चेन झटके के साथ टूट गई। पेंडल व आधी चेन टूटकर बाइक सवार बदमाशों के हाथ में चली गई। और आधी चेन वृद्धा के हाथ में रह गई। महिला ने लुटेरों को पकड़ने के लिए शोर भी मचाया, लेकिन लुटेरे पुलिस के हाथ नहीं आ सके।

सड़कों पर निगरानी बढ़ाई, चेकिंग प्वाइंट लगाए- पुलिस अधिकारियों का दावा है कि दीपावली पर बाजारों में लूट व झपट्टा मारी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए सड़कों पर निगरानी बढ़ा दी है। सुबह-शाम चेकिंग प्वाइंट लगाए जा रहे हैं। बगैर नंबर के दोपहिया वाहन व तीन सवारी पर कार्रवाई की जा रही है।