Vedant Samachar

दिल दहला देने वाला हादसा : पिता के सामने ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आई मां और 2 साल की बेटी, दोनों की मौके पर मौत…

Vedant Samachar
3 Min Read

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। गया नगर इलाके में हुए भीषण सड़क हादसे में मां और उसकी दो साल की मासूम बेटी की मौत हो गई। दर्दनाक बात यह रही कि यह पूरा हादसा उनके सामने स्कूटी चला रहे पिता की आंखों के सामने हुआ। कुछ ही पल में खुशहाल परिवार मातम में बदल गया।

हादसा गया नगर के स्कूल के सामने हुआ
जानकारी के मुताबिक, गया नगर निवासी विकास साहू अपनी पत्नी और दो साल की बेटी के साथ स्कूटी से काम के लिए निकले थे। जब वे भारतीय दयानंद आर्य उच्च माध्यमिक विद्यालय के सामने पहुंचे, तभी सामने से मुरम से भरी एक ट्रैक्टर-ट्राली आ गई। टक्कर से बचने के लिए विकास ने स्कूटी को साइड में करते हुए ब्रेक लगाया, लेकिन अचानक पीछे बैठी पत्नी और बच्ची सड़क पर गिर गईं। इसी दौरान पीछे से आ रही ट्रैक्टर ट्राली ने दोनों को कुचल दिया। मौके पर ही दोनों की मौत हो गई।

पिता सदमे में, इलाके में मातम
यह हादसा इतनी भयावह थी कि आसपास मौजूद लोगों की रूह कांप गई। राहगीरों ने तुरंत मदद की और घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने मां-बेटी को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद पिता विकास साहू सदमे में हैं और कुछ बोलने की हालत में नहीं हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि परिवार ने सिर्फ एक हफ्ते पहले ही अपनी लाडली का जन्मदिन मनाया था, और आज वह हमेशा के लिए चली गई।

सड़क पर नहीं है स्पीड ब्रेकर, हर दिन गुजरते हैं बच्चे
मरारपारा वार्ड नंबर 5 के निवासी दिनेश देवांगन ने बताया कि जिस सड़क पर हादसा हुआ, वहां रोज भारी ट्रैफिक रहता है। आसपास तीन से चार स्कूल हैं और बच्चों की लगातार आवाजाही होती है, लेकिन सड़क पर एक भी स्पीड ब्रेकर नहीं है। लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग की है।

पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त किया, चालक हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रैक्टर और ट्राली को जब्त कर लिया है और चालक को हिरासत में ले लिया गया है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पूरे शहर में शोक की लहर
गया नगर के लोगों ने इस हादसे को “मानव लापरवाही की दर्दनाक मिसाल” बताया। पूरे क्षेत्र में मातम पसरा है। लोग प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि सड़क सुरक्षा के उपायों को सख्ती से लागू किया जाए ताकि ऐसे हादसे दोबारा न हों।

Share This Article