गैस सिलिंडर में लगी आग, दमकलकर्मी ने गीले कपड़े का सहारा लेकर बुझाई, टला बड़ा हादसा

भोपाल 9 अक्टूबर (वेदांत समाचार)  निशातपुरा थाना इलाके के शिवनगर के एक घर में शनिवार सुबह खाना पकाते समय अचानक गैस सिलिंडर में आग लग गई। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई। अनहोनी की आशंका के चलते परिवार के महिलाएं बच्चों को लेकर छत पर पहुंच गई। सूचना मिलते ही बस्ती में रहने वाला फायर ब्रिगेड का कर्मचारी मौके पर पहुंचा और गीले कपड़े से फटकार लगाकर और रेत की मदद से आग पर काबू पा लिया। इससे बड़ा हादसा टल गया।

निशातपुरा थाने से मिली जानकारी के मुताबिक तोरण सिंह कुशवाहा शिवनगर में परिवार के साथ रहते हैं। वह निजी काम करते हैं। शनिवार सुबह उनके घर में रोज की तरह खाना बनाया जा रहा था। इस दौरान गैस लीक होने के कारण अचानक सिलिंडर ने आग पकड़ ली। कमरे में आग की लपटें उठने लगी। सिलिंडर फटने की आशंका से दहशत फैल गई। परिवार की महिलाएं तुरंत बच्चों को लेकर मकान की छत पर पहुंच गई। पड़ोसियों में भी हड़कंप मच गया। घटना की सूचना फायर ब्रिगेड को दी।

नगर निगम के फायर अधिकारी रामेश्वर नील ने शिवनगर में रहने वाले फायर फाइटर पंकज यादव को घटना की जानकारी देते हुए मौके पर जाने को कहा। पंकज यादव ने बताया कि घटनास्थल पर काफी भीड़ लगी हुई थी। तोरण सिंह के पड़ोस में रहने वाले लोग आग की लपटों में घिरे गैस सिलिंडर पर रेत फेंक रहे थे। उन्होंने गीले कपड़े की फटकार मारते हुए आग पर काबू पा लिया। उधर इस दौरान महिलाओं और बच्चों को पड़ोस के मकान की छत के रास्ते सकुशल नीचे उतार लिया गया। पंकज यादव ने बताया कि सिलिंडर से शुक्रवार से ही गैस का रिसाव हो रहा था, लेकिन तोरण सिंह के परिवार ने उसे गंभीरता से नहीं लिया। आग बुझाने की कोशिश में तोरण सिंह के हाथ मामूली रूप से झुलस गए।