Vedant Samachar

CG BREAKING : राजिम-रायपुर मेमू ट्रेन में हादसा, गिरा यात्री

Vedant Samachar
2 Min Read

अभनपुर, 06 अक्टूबर (वेदांत समाचार) मानिकचौरी रेलवे स्टेशन पर एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जिसमें चलती ट्रेन से गिरने के कारण एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थानीय लोगों की तत्परता और संवेदनशीलता के चलते युवक को समय रहते अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है.

गोबरा नवापारा नगर के भोईपारा निवासी पारस कंडरा अपने परिवार के साथ रायपुर जाने के लिए मेमू ट्रेन में सवार हुआ था. जानकारी के अनुसार, राजिम स्टेशन पर टिकट काउंटर से टिकट न मिलने के कारण उसने बिना टिकट यात्रा शुरू की. जब ट्रेन मानिकचौरी स्टेशन पहुंची, तो पारस टिकट लेने के लिए प्लेटफॉर्म पर उतरा. इस दौरान ट्रेन अचानक चल पड़ी, और ट्रेन पकड़ने की कोशिश में वह फिसलकर नीचे गिर गया. हादसे में पारस गंभीर रूप से घायल हो गया.

हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत संवेदनशीलता दिखाते हुए घायल पारस को उठाया और पुलिस के पहुंचने से पहले ही उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया. उनकी इस त्वरित कार्रवाई से युवक को समय पर चिकित्सा सहायता मिल सकी. वर्तमान में पारस का इलाज चल रहा है. बताया जा रहा है कि पारस मूल रूप से दुर्ग का निवासी है और इन दिनों अपने साढ़ू के घर नवापारा में रहकर काम कर रहा था.

Share This Article