Chhattisgarh : केंद्रीय विद्यालय के छात्र की हत्या कर नदी में फेंका शव,दोस्त पर हत्या की आशंका

रायपुर 9 अक्टूबर (वेदांत समाचार) पिछले दिनों उरला थाना क्षेत्र में तारा गांव के पास खारुन नदी में एक युवक की लाश मिली थी, जिसकी पहचान कर ली गई है। मृतक का नाम रितेश कुमार सिंह (18 वर्ष) बताया गया है, जो केंद्रीय विद्यालय का छात्र था। मिली जानकारी के अनुसार उसकी हत्या कर लाश को नदी में फेंका गया था। आशंका है कि हत्या को उसके दोस्तों ने अंजाम दिया है।

पुलिस ने एक आरोपित को हिरासत में लिया है। वहीं दूसरा मुख्य आरोपित फरार है। शुक्रवार को हिरासत में लिए गए आरोपित को घटनास्थल पर ले जाया गया, जहां उससे पूरी घटना जानकारी ली गई। फरार आरोपित की पुलिस तलाश में जुटी है। हालांकि, मामले में अभी पीएम रिपोर्ट आनी बाकी है। मामले में पुलिस मृतक के अन्य दोस्तों से पूछताछ कर रही है।

पीछे बाइक में बैठकर मारा चाकू

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, चार अक्टूबर को रितेश कुमार सिंह के दोस्त उसको घुमाने के बहाने उरला के कारा क्षेत्र ले गए थे। कारा के पास जंगल है। रितेश बाइक में बीच में बैठा हुआ था। वहीं पीछे उसका दोस्त था, जो फरार है। उसने पहले पीछे से चाकू से गला रेता, जिससे रितेश खुद को बचाने बाइक से कूद गया।

इसके कारण संतुलन बिगड़ने से तीनों वहीं गिर गए। इसके बाद रितेश की पीठ और पैर में चाकू घोंप दिया गया। रितेश की मौत के बाद बाइक से ले जाकर उसे खारुन नदी में फेंक दिया गया। हालांकि, हत्या की वजह अभी पता नहीं चल सकी है। गुरुवार को युवक का शव लोगों ने देखा और पुलिस को सूचना दी थी।