SECL सीवीओ हिमांशु जैन ने मुख्य सतर्कता अधिकारी, एमसीएल का अतिरिक्त प्रभार संभाला – vedantsamachar.in

SECL सीवीओ हिमांशु जैन ने मुख्य सतर्कता अधिकारी, एमसीएल का अतिरिक्त प्रभार संभाला

बिलासपुर, 30 अप्रैल (वेदांत समाचार)। भारतीय रेलवे सेवा (Indian Railway Service of Signal Engineers – IRSSE) के वर्ष 2007 बैच के अधिकारी हिमांशु जैन ने महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड (MCL) में मुख्य सतर्कता अधिकारी (CVO) का अतिरिक्त प्रभार ग्रहण किया है। वर्तमान में वे SECLमें CVO के रूप में कार्यरत हैं तथा इससे पूर्व उन्होंने नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (NCL) के CVO का भी अतिरिक्त पदभार सम्हाला है ।

श्री जैन ने एनआईटी रायपुर से इलेक्ट्रॉनिक्स एवं दूरसंचार अभियांत्रिकी में स्वर्ण पदक के साथ स्नातक तथा आईआईटी बॉम्बे से एमटेक उपाधि प्राप्त की है। उन्होंने वर्ष 2007 में संघ लोक सेवा आयोग की इंजीनियरिंग सेवा परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 9 प्राप्त कर भारतीय रेलवे सेवा (IRSSE) में प्रवेश किया।

अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने रेलवे के महत्वपूर्ण अवसंरचना एवं सिग्नलिंग परियोजनाओं का सफल नेतृत्व किया है। इसके अतिरिक्त वे भारतीय रेल में उप-महाप्रबंधक (DGM), मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) तथा महाप्रबंधक के सचिव जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं।

श्री जैन को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए अनेक प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा गया है, जिनमें राष्ट्रीय रेलवे पुरस्कार (2016), नेशनल एकेडमी ऑफ इंडियन रेलवे का महानिदेशक पदक (2019) तथा महाप्रबंधक पुरस्कार (2012 एवं 2022) शामिल हैं।

श्री जैन ‘DigiCOAL’ पहल के माध्यम से पारदर्शिता एवं डिजिटल निगरानी को सुदृढ़ करने के प्रति प्रतिबद्ध हैं, जिसे केंद्रीय सतर्कता आयोग (CVC) के राष्ट्रीय कार्यशाला में भी प्रस्तुत किया जा चुका है।