बिलासपुर, 30 अप्रैल (वेदांत समाचार)। South Eastern Coalfields Limited के मुख्यालय बिलासपुर में 30 अप्रैल 2026 को सेवानिवृत्त होने वाले 10 कर्मियों को भावभीनी विदाई दी गई। मुख्यालय स्थित सीएमडी कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को शाल, श्रीफल और पुष्पहार से सम्मानित करते हुए उनके समस्त भुगतान का चेक प्रदान किया गया।
इसके बाद मुख्यालय प्रशासनिक भवन के कॉन्फ्रेंस हॉल में एक गरिमामय समारोह आयोजित किया गया, जिसमें अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक हरीश दुहन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में निदेशक तकनीकी (संचालन) एन फ्रैंकलिन जयकुमार, निदेशक (एचआर) बिरंची दास, सीवीओ हिमांशु जैन और निदेशक तकनीकी (योजना/परियोजना) रमेश चंद्र महापात्र सहित विभिन्न विभागाध्यक्ष, श्रमसंघ प्रतिनिधि, अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर महाप्रबंधक (सिविल) सीएसआर विभाग चंद्रमोहन वर्मा, मुख्य प्रबंधक (खनन/मासंवि) एस.के. महापात्रा, प्रबंधक (सर्वे) संजय दास, सहायक अभियंता श्याम बोरकर, असिस्टेंट सुपरवाइजर पुरुषोत्तम लाल साहू, फोरमेन इंचार्ज व्ही. नागेश, असिस्टेंट सुपरवाइजर संतोष कुमार मेश्राम, सीनियर डुप्लीकेटिंग ऑपरेटर दल बहादुर गुरुंग, सामान्य सहायक श्रेणी-4 बैकुंठ महानंदा और सुरक्षा प्रहरी भोला प्रसाद को सेवानिवृत्ति पर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में शीर्ष प्रबंधन ने अपने उद्बोधन में कहा कि सेवानिवृत्त अधिकारियों और कर्मचारियों के समर्पण, कार्यकुशलता और योगदान से ही कंपनी आज सफलता के मुकाम पर पहुंची है। उनके योगदान को सदैव याद रखा जाएगा। प्रबंधन ने सभी सेवानिवृत्त कर्मियों के उज्ज्वल भविष्य और सुखमय जीवन की कामना की।
वहीं सेवानिवृत्त कर्मियों ने भी कंपनी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एसईसीएल में कार्य के प्रति गहरी निष्ठा और टीम भावना देखने को मिलती है। यहां अधिकारी और कर्मचारी मिलकर काम करते हैं और किसी भी जिम्मेदारी को बोझ नहीं समझते।
कार्यक्रम का संचालन प्रबंधक (राजभाषा) श्रीमती सविता निर्मलकर ने किया, जिन्होंने सेवानिवृत्त कर्मियों का परिचय प्रस्तुत करते हुए सफलतापूर्वक मंच संचालन किया।
