CG NEWS: संडे बाजार में विवाद: ठेले से चाकू उठाकर युवक पर जानलेवा हमला, हालत गंभीर – vedantsamachar.in

CG NEWS: संडे बाजार में विवाद: ठेले से चाकू उठाकर युवक पर जानलेवा हमला, हालत गंभीर

रायपुर 30 अप्रैल 2026 (वेदांत समाचार)। CG NEWS: रायपुर के संडे बाजार में दुकान लगाने को लेकर हुआ विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग को लेकर शुरू हुई बहस ने देखते ही देखते गंभीर रूप ले लिया और चाकूबाजी की घटना सामने आई।

जानकारी के अनुसार, 29 अप्रैल की शाम करीब 5 से 6 बजे के बीच मौदहापारा थाना क्षेत्र के रजबंधा मैदान स्थित चाय गोविंदम कैफे के पास यह घटना हुई। मौदहापारा निवासी 25 वर्षीय निजामुद्दीन, जो ऑटो चार्जिंग का काम करता है, बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान उसकी मुलाकात आरोपी शाहिद से हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पहले से ही संडे बाजार में दुकान लगाने को लेकर विवाद चल रहा था। आमना-सामना होते ही दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो जल्द ही हिंसक रूप ले गई। आरोप है कि शाहिद ने पास में खड़े एक ठेले से चाकू उठाया और निजामुद्दीन पर कई वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल को अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल उसका इलाज मेकाहारा अस्पताल में जारी है, जहां डॉक्टरों ने उसकी स्थिति गंभीर बताई है। इधर, घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द गिरफ्तारी की बात कही जा रही है।