कोरबा, 30 अप्रैल 2026 (वेदांत समाचार)। बालको टाउनशिप स्थित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बालको का हाईस्कूल एवं हायर सेकेण्डरी परीक्षा परिणाम इस वर्ष उत्कृष्ट रहा। विद्यालय के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न केवल बेहतर अंक हासिल किए, बल्कि स्कूल, परिवार और गुरुजनों का नाम भी रोशन किया है।
कक्षा बारहवीं के परीक्षा परिणाम में ध्रुति साहू ने 90.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं दिव्या पाण्डेय ने 80.2 प्रतिशत के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया। तृतीय स्थान पर गौरी साहू एवं शीशांक कुमार बरेठ संयुक्त रूप से रहे, जिन्होंने 79.6 प्रतिशत अंक अर्जित किए।
इसी प्रकार कक्षा दसवीं के परिणाम में पंकज देवांगन ने 92.5 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान पर सुधांशु पाल रहे, जिन्होंने 90.3 प्रतिशत अंक हासिल किए। तृतीय स्थान पर रुचि राठौर एवं तनु साहू संयुक्त रूप से रहे, जिन्होंने 87 प्रतिशत अंक प्राप्त किए।
विद्यालय के इस उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम से पूरे परिसर में खुशी का माहौल है। विद्यार्थियों की इस सफलता पर विद्यालय की प्राचार्या नीलम सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग से यह शानदार परिणाम संभव हो पाया है।
विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों ने भी इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह परिणाम विद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और अनुशासित वातावरण का प्रतिफल है। उन्होंने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
उल्लेखनीय है कि इस वर्ष विद्यालय के कई विद्यार्थियों ने उच्च अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है, जिससे विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों में एक नया अध्याय जुड़ गया है।
